Loot in Agra: आगरा में डाक्टर के घर लूट करने वाले गैंग का सरगना पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
Loot in Agra पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हुआ बदमाश अस्पताल में भर्ती। लूटी गई बाइक 1.25 लाख रुपये घड़ी लैपटाप और तमंचा बरामद। केके नगर निवासी डा. रजनीकांत शर्मा के घर रविवार दोपहर वारदात हुई थी।
आगरा, जागरण संवाददाता। सिकंदरा के केके नगर में डाक्टर के घर में बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले एक बदमाश से गुरुवार सुबह पुलिस की मुठभेड़ हो गई। बदमाश के पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उससे लूटी गई बाइक, नकदी समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। गैंग में शामिल अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी को पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
केके नगर निवासी डा. रजनीकांत शर्मा के घर रविवार दोपहर वारदात हुई थी। मकान के खरीददार बनकर पहुंचे बदमाशों ने डाक्टर के पिता, सास-ससुर और पत्नी समेत डाक्टर को भी बंधक बना लिया था। इसके बाद वे सात लाख रुपये, घड़ियां, लैपटाप लूट लिया। डाक्टर की बाइक से बदमाश मौके से भाग गए। सीसीटीवी फुटेज में चार बदमाश दिख रहे थे। मगर, उनके चेहरे स्पष्ट नहीं दिख रहे थे। पुलिस को आशंका थी कि वारदात में कोई परिचित शामिल हो सकता है। कुछ दिन पहले ही डाक्टर ने एक मकान बेचा था। उसी का कैश घर में रखा था। एक और मकान वे बेचना चाह रहे थे। पुलिस की नजर ऐसे लोगों पर थी, जिन्हें डाक्टर के मकान के बिकने की जानकारी थी। सिकंदरा में रहने वाले विपिन पर इसी आधार पर पुलिस को शक था। वह अपने घर से फरार था। गुरुवार सुबह पांच बजे पुलिस का सिकंदरा क्षेत्र में विपिन से सामना हो गया। उसने पुलिस को देखते ही गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लग गई। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि डाक्टर के लूट करने वाले गैंग के सरगना विपिन को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके कब्जे से 1.25 लाख रुपये, बाइक, लैपटाप, घड़ी और तमंचा बरामद हुआ है। अन्य बदमाश भी आसपास के ही हैं। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
दो वर्ष पहले लूट और हत्या में जेल गया था सरगना
डाक्टर के घर लूटपाट करने वाले गैंग का सरगना विपिन दो वर्ष पहले हरीपर्वत क्षेत्र में एक वीडियो गेम की दुकान के संचालक से लूट और हत्या के मामले में जेल जा चुका है। उसके पिता ने ही डाक्टर रजनीकांत शर्मा का मकान बिकवाया था। इसलिए उसे पता था कि डाक्टर के घर में कैश रखा है और उनका एक और मकान बिक रहा है। उसने अपने आसपास के अन्य बदमाशों को साथ लिया और वारदात कर दी।