खुला खाता, नामांकन को पहुंचे जिला पंचायत सदस्य चुनाव के चार प्रत्याशी Agra News
जिला पंचायत सदस्य का एक पद प्रधान के दो क्षेत्र पंचायत सदस्य के चार पद और ग्राम पंचायत सदस्य के 16 पद रिक्त हैं।
आगरा, जागरण संवाददाता। त्रिस्तरीय पंचायत के उप चुनाव के नामांकन में जिला पंचायत सदस्य (वार्ड छह, खंदौली द्वितीय) का खाता आखिरकार शुक्रवार को खुल गया। कलक्ट्रेट स्थित एडीएम सिटी कार्यालय में शुक्रवार को अंतिम दिन जिला पंचायत सदस्य का नामांकन कराने के लिए चार प्रत्याशी पहुंचे।
वहीं इससे पूर्व गुरुवार को शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया में एक भी प्रत्याशी नहीं पहुंचा था। कलक्ट्रेट स्थित एडीएम सिटी कोर्ट से पवन कुमार, राकेश बघेल, अरुण कुमार ने पर्चे खरीदे थे। वहीं क्षेत्र और ग्राम पंचायत सदस्य, प्रधान पदों के लिए कई नामांकन हुए तो कहीं नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। नामांकन पत्रों की जांच 27 जनवरी को होगी। जिला पंचायत सदस्य का एक पद, प्रधान के दो, क्षेत्र पंचायत सदस्य के चार पद और ग्राम पंचायत सदस्य के 16 पद रिक्त हैं।
ईवीएम का नहीं होगा इस्तेमाल
उप जिला निर्वाचन अधिकारी निधि श्रीवास्तव ने बताया कि उप चुनाव में ईवीएम का प्रयोग नहीं किया जाएगा। बल्कि मत पेटिकाओं से होगा।
जिला पंचायत सदस्य
पिछले साल वार्ड छह, खंदौली (द्वितीय) में सदस्य सत्य प्रकाश का मार्ग दुर्घटना में निधन हो गया था। यह अनारक्षित पद है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य
अछनेरा ब्लॉक के वार्ड 82 में महिला सीट, एत्मादपुर ब्लॉक के वार्ड 40 में महिला सीट, वार्ड 57 में अन्य पिछड़ा वर्ग महिला सीट, खंदौली ब्लॉक के वार्ड 40 में अनुसूचित जाति सीट पर चुनाव होंगे।
प्रधान
जैतपुर कलां ब्लॉक में कमतरी ग्राम पंचायत में अनुसूचित जाति पद, पिनाहट ब्लॉक के शाहपुर खालसा ग्राम पंचायत में अन्य पिछड़ा वर्ग पर चुनाव होंगे।
ग्राम पंचायत सदस्य
- अछनेरा ब्लॉक में सहाई ग्राम पंचायत के वार्ड 12 अनारक्षित पद, पनवारी ग्राम पंचायत के वार्ड नंबर 13 अनारक्षित पद।
- एत्मादपुर ब्लॉक के बरहन ग्राम पंचायत के वार्ड आठ अनुसूचित जाति पद, नगला पचौरी ग्राम पंचायत के वार्ड अनारक्षित पद, सतौली नगर महादेव ग्राम पंचायत के वार्ड छह अनुसूचित जाति पद, सतौली नगर महादेव ग्राम पंचायत के वार्ड 11 अन्य पिछड़ी जाति महिला पद।
- जैतपुरकलां ब्लॉक के पयारमपुर ग्राम पंचायत के वार्ड छह अन्य पिछड़ा वर्ग पद।
- फतेहपुरसीकरी ब्लॉक के कराही ग्राम पंचायत के वार्ड सात अन्य पिछड़ा वर्ग पद, रोझोली ग्राम पंचायत के वार्ड तीन महिला पद।
- बिचपुरी ब्लॉक के गढ़सानी ग्राम पंचायत के वार्ड 12 अनुसूचित जाति महिला पद, टपरा ग्राम पंचायत के वार्ड दो अनुसूचित जाति पद।
- सैंया ब्लॉक के लहचोरा ग्राम पंचायत के वार्ड सात अनुसूचित जाति, सैंया ग्राम पंचायत के वार्ड नौ महिला पद, सैंया ग्राम पंचायत के वार्ड 14 अनारक्षित पद, महाव ग्राम पंचायत के वार्ड पांच अन्य पिछड़ा वर्ग पद।