Move to Jagran APP

आगरा का चौहरा हत्‍याकांड, रेखा के करीबियों में कातिल की तलाश, छह संदिग्‍ध पुलिस रडार पर

आगरा में हुए चौहरा हत्याकांड में छह संदिग्धों पर अटकी शक की सुई पूछताछ जारी। हत्या के पीछे तंत्र-मंत्र लूट और प्रेम त्रिकोण मान रही पुलिस। हत्‍या होने के बाद पहुंचा एक व्‍यक्ति लेकिन शव देखने के बाद भी नहीं थी पुलिस को सूचना।

By Prateek GuptaEdited By: Published: Sat, 24 Jul 2021 09:00 AM (IST)Updated: Sat, 24 Jul 2021 09:00 AM (IST)
आगरा का चौहरा हत्‍याकांड, रेखा के करीबियों में कातिल की तलाश, छह संदिग्‍ध पुलिस रडार पर
कूचा साधुराम में रेखा और उसके तीन बच्‍चों की हत्‍या कर दी गई थी। फाइल फोटो

आगरा, जागरण संवाददाता। कोतवाली क्षेत्र के कूचा साधूराम में दिल दहला देने वाला चौहरा हत्याकांड। तलाकशुदा रेखा और उनके बेटे वंश, पारस और बेटी माही की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। गुरुवार को घर में ही सभी के लहूलुहान शव मिले थे। जैसे-जैसे समय बढ़ रहा है केस की गुत्थियां भी उलझती जा रही हैं। हत्याकांड में चाैबीस घंटे बाद भी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। मगर, रेखा और उनके बच्चों के कातिलों की तलाश उनके करीबियों में ही की जा रही है। तंत्र-मंत्र, लूट और प्रेम त्रिकोण के इर्द गिर्द चल रही पुलिस की जांच के दायरे में अब तक आधा दर्जन संदिग्ध आ चुके हैं। इनमें से कुछ को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।

loksabha election banner

संदिग्ध नंबर- एक

किट्टू शर्मा: रात में घर के बाहर से लगाई थी रेखा को आवाज

पुलिस को पूछताछ में मोहल्ले वालों से पता चला था कि बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे स्कूटर से रेखा राठौर का मुंह बोला भाई आया था। उसने नीचे से ही दीदी और पारस को आवाज लगाई थी। पड़ोसी बाहर आ गए थे। उनसे भी कहा था कि दरवाजे खुले हैं। सामान बिखरा हुआ है। उसे किसी घटना का अंदेशा लग रहा है। वह घर के अंदर नहीं गया था।

पुलिस ने छानबीन के दौरान पता लगाया कि स्कूटर पर पाय चौकी निवासी किट्टू शर्मा आया था। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसने पुलिस को बताया कि उसके पिता को रेखा पिता की तरह मानती थीं और उसे भाई मानती थीं। वह उनसे राखी बंधवाता था। रात को रेखा के घर के बाहर तक गया था। वह घर में अंदर नहीं गया।

संदिग्ध नंबर दो

सत्येंद्र यादव: शव देखकर चला गया था, नहीं दी किसी को सूचना

कुआंखेड़ा निवासी सत्येंद्र यादव के बारे में पुलिस को छानबीन में जानकारी मिली थी कि वह रेखा के घर बुधवार रात को गया था। पुलिस ने सत्येंद्र को थाने लाकर पूछताछ की तो उसने बताया कि वह रामपुर निवासी जैनुद का दोस्त है। जैनुद रेखा को काल कर रहा था। रेखा का फोन नहीं उठ रहा था। जैनुद ने सतेंद्र यादव को फोन किया था। इसलिए बुधवार रात करीब दस बजे वह रेखा राठौर के घर पहुंचा था। दरवाजा खुला था। वह सीढ़ी चढ़कर ऊपर पहुंचा। पलंग पर दो बच्चों के शव पड़े थे। पूरा बिस्तर खून से सन रहा था। यह देख वह घबरा गया। सीधे नीचे भाग आया। पुलिस ने उससे पूछा कि उसने पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी। वह कहने लगा कि घबरा गया था। पुलिस उससे भी पूछताछ कर रही है।

संदिग्ध नंबर- तीन

जैनुद: हत्या से पहले रेखा की फोन पर हुई बात

जांच में पता चला है कि रामपुर के जैनुद नाम के युवक के कारण रेखा राठौर का अपने पति सुनील से तलाक हुआ था। रेखा की दोस्ती दिल्ली की प्रीति नाम की एक युवती से थी। प्रीति के कहने पर रेखा ने फेसबुक पर सना खान नाम से अपना प्रोफाइल बनाया। लगभग तीन साल पहले उसकी फेसबुक पर रामपुर निवासी जैनुद से दोस्ती हुई। जैनुद पुराने वाहन खरीदने और बेचने का काम करता है। जैनुद से दाेस्ती के चलते ही रेखा का पति सुनील से तलाक हुआ था। रेखा की काल डिटेल से पता चला कि जैनुद की बुधवार दोपहर 12 बजे रेखा से बातचीत हुई थी। इसके बाद रामपुर से पुलिस ने जैनुद को उठा लिया। उसने बातया कि बुधवार दोपहर उसने काल की थी। रेखा ने उससे कहा था कि नहाने जा रही है। उसके बाद पूजा करनी है। वह पूजा पाठ बहुत करती थी। दोपहर एक बजे उसने दोबारा फोन मिलाया। घंटी बजी मगर किसी ने फोन नहीं उठाया। दो बजे उसने फिर फोन मिलाया। इस बार मोबाइल बंद आया। उसने शाम तक कई बार फोन मिलाया। जब संपर्क नहीं हुआ तो उसे चिंता हुई। उसने रेखा के परिचित किट्टू शर्मा को फोन किया। वह रेखा के घर तक गया मगर बाहर से ही लौट आया। इसके बाद उसने सतेंद्र यादव को फोन किया। सतेंद्र घर के अंदर तक गया था। उसने बता दिया था कि रेखा के बच्चों की लाश देखी थी। पुलिस ने जैनुद से भी यही सवाल किया कि जब उसे भी बुधवार की रात पता चल गया था तो वह खामोश क्यों रहा? उसने पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी? इस सवाल का उसके पास भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं था। यह कहने लगा कि घबरा गया था। पुलिस उससे भी पूछताछ कर रही है।

संदिग्ध नंबर- चार

सुनील: रेखा के मायके वालों का आरोप, धमकाता था वह

रेखा के पूर्व पति सुनील राठौर पर रेखा के चाचा प्रेम ने शक जताया है। दो वर्ष पहले रेखा से तलाक के बाद सुनील ने सोनी से दूसरी शादी कर ली। अब वह सोनी के साथ माईथान में रह रहा था।रेखा के मायके वालों का आरोप है कि सुनील अभी तक उसको धमकाता था।पुलिस ने उसे घटना के बाद से ही हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की गई तो उसने बताया कि तलाक के बाद उसका रेखा से बहुत मतलब नहीं था। रेखा कुछ दिनों से उसे बच्चों को वापस देना चाह रही थी। इसीलिए वह संपर्क करती थी। अभी पुलिस सुनील से पूछताछ कर रही है।

संदिग्ध नंबर- पांच

प्रीति: जैनुद से कराई थी दोस्ती

पुलिस की एक टीम प्रीति के बारे में पता लगा रही है। प्रीति वर्तमान में गाजियाबाद में रहती है। वह जैनुद और रेखा से जुड़ी हुई थी। पुलिस को जानकारी मिली है कि प्रीति ने ही रेखा की जैनुद से दोस्ती कराई थी। उसी ने सना खान नाम से फेसबुक पर प्रोफाइल बनाकर दोस्ती करने की सलाह दी थी।

संदिग्ध नंबर- छह

पुजारी: रेखा के घर में कराता था पूजा

पाय चौकी के पास रहने वाले पुजारी को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुजारी से पुलिस ने पूछताछ की। रेखा उसे पिता की तरह मानती थी। वह अक्सर रेखा के घर में पूजा कराने आता था। पुजारी ने पुलिस को बताया है कि वह बुधवार को परिवार के साथ फतेहपुर सीकरी गया था। अभी उससे पूछताछ चल रही है।

पुलिस की अब तक की कार्रवाई

- पुलिस ने आधा दर्जन संदिग्ध हिरासत में लिए हैं। इनसे पूछताछ की जा रही है।

- तंत्र-मंत्र, लूट और प्रेम त्रिकोण को चौहरे हत्याकांड के पीछे माना जा रहा है।

- रेखा के मोबाइल की काल डिटेल निकलवाई गई है। इसमें देखा जा रहा है कि एक माह में उसकी सबसे अधिक बातचीत किससे हुई थी। घटना वाले दिन किस-किससे बात हुई।

- रेखा वाट्सएप काल पर दोस्तों से बात करती थी। वह किस-किससे वाट्सएप पर बात करती थी? यह भी पुलिस जानकारी कर रही है।

- पुलिस आसपास के तांत्रिकों की सूची बना रही है। घटना वाले दिन वे कहां थे? उनकी काल डिटेल से भी पुलिस वेरीफाई कर रही है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.