संगमरमरी खूबरसूरती पर बोल्ड हुए वीवीएस लक्ष्मण, परिवार सहित किया ताज का दीदार Agra News
पत्नी और बच्चों के साथ ताज का भ्रमण करने पहुंचे भारतीय क्रिकेटर। मंगलवार को किये था कान्हा की नगरी में मंदिरों के दर्शन।
आगरा, जागरण संवाददाता। क्रिकेट के मैदान में प्रतिद्वंदि टीम के अपने बल्ले से छक्के छुड़ाने वाली मशहूर भारतीय खिलाड़ी वीवीएस लक्ष्मण संगमरमरी इमारत की खूबसूरती से बोल्ड हो गए। ताज महल के दीदार के दौरान बस वाह ताज ही वे कहते रहे। मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने बस इतना ही कहा कि भारतीय क्रिकेट का ये स्वर्णिम दौर चल रहा है।
बुधवार दोपहर भारतीय क्रिकेट के सलामी बल्लेबाज रहे वीवीएस लक्ष्मण पत्नी जीआर शैलजा व बच्चों संग ताज महल का भ्रमण करने के लिए पहुंचे। भ्रमण के दौरान उन्होंने गाइड से ताज महल की पच्चीकारी और इतिहास के बारे में जानकारी ली। डायना सीट का मोह भी लक्ष्मण और उनके परिवार के सदस्यों में दिखा। मोहब्बत की निशानी के साथ वे अलग अलग अंदाज में तस्वीरे खिंचवाते नजर आए। पर्यटकों को जैसे ही पता चला कि दिग्गज क्रिकेटर उनके बीच मौजूद है तो उनके साथ सेल्फी लेने को भीड़ लग गई। भारतीय क्रिकेटर ताज की खूबसूरती के कायल भी दिखे। ताज का दीदार कर बस वाह ताज ही वे बोल रहे थे। इससे पूर्व मंगलवार को वीवीएस लक्ष्मण ने सपरिवार सहित ब्रज धाम की यात्रा की थी। गोवर्धन में उन्होंने अपने पत्नी और बच्चों के साथ गिरिराज महाराज को दूध चढ़ाया। गिरिराजजी के दर्शन करने के बाद वह राधाकुंड जल स्वरूपा राधारानी दर्शन करने के लिए निकल गए। इसके बाद शाम को वृंदावन बांके बिहारी के दर्शन किये। मीडिया के सवालों पर उन्होंने कहा कि यह उनकी निजी यात्रा है तथा वह स्टार स्पोट्र्स से अनुबंध के चलते कुछ नहीं बोलेंगे। गोवर्धन में सेवायत मथुरा प्रसाद कौशिक ने मंत्रोच्चारण के बीच पूजा-संपन्न कराई। वृंदावन में पूर्व क्रिकेटर ने तीर्थनगरी के मंदिरों में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। पूर्व क्रिकेटर ने टटिया पहुंचकर परिवार सहित ठा. मोहिनीबिहारी के दर्शन कर गुरु गद्दी को प्रणाम किया। भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी वेंकट साई लक्ष्मण वीवीएस के रूप में आम तौर पर जाने जाते हैंं। भारतीय क्रिकेटर लक्ष्मण हैदराबाद क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व करते थे। लक्ष्मण भारत के पूर्व राष्ट्रपति, डॉ॰ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के नाती हैं। वह डेक्कन चार्जर्स टीम (इंडियन प्रीमियर लीग) के कप्तान रह चुके हैं। लक्ष्मण को पद्मश्री पुरस्कार एवं भारत के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है। लक्ष्मण दाएंं हाथ के बल्लेबाज थे और कभी कभी ऑफ़ स्पिन गेंदबाजी भी करते थे। उनके शानदार तकनीक और स्पिन के खिलाफ गेन्द हिट करने की क्षमता मोहम्मद अजहरुद्दीन की यादे ताजा करती थीं। लक्ष्मण ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के खिलाफ अपनी बल्लेबाजी के लिए सबसे विख्यात हैंं।