मथुरा में पूर्व सभासद की सरेशाम गोली मारकर हत्या, ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत
डैंपियरनगर में कार में बैठते समय बुधवार शाम पीछे से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने की फायरिंग। बेटे के ससुर और तीन सालों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट घटना के पीछे पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। पुलिस जुटी हत्यारोंं का सुराग लगाने में।
आगरा, जेएनएन। मथुरा में शहर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार शाम को डैंपियर नगर में वृंदावन की पूर्व सभासद की गोलीमार कर हत्या कर दी गई। वे अपनी बेटी के साथ कपड़ों की खरीदारी करने को आईं थीं। मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। मृतका के बेटे के ससुर और तीन सालों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट कराई गई है। देर रात पुलिस ने गांव शहजादपुर पौरी में दबिश देकर एक आरोपित को भी हिरासत में ले लिया। घटना के पीछे मृतका के बेटे और उसके ससुरालियों के बीच चला आ रहा विवाद सामने आ रहा है।
वृंदावन कोतवाली क्षेत्र की एनआरआइ ग्रीन में कालोनी में रह रही गौरा नगर निवासी पूर्व सभासद मीरा ठाकुर (50) अपनी छोटी पुत्री के साथ शाम करीब चार बजे डैंपियर नगर स्थित एक शोरूम से कपड़ों की खरीदारी करने के लिए आईं। करीब डेढ़ घंटे बाद कपड़े खरीद कर मां-बेटी दोनों कार में बैठने के लिए जाने लगी। पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने ताबड़तोड़ तीन गोलियां चलाईं। एक गोली मीरा ठाकुर की पीठ को भेद कर पार हो गई। बेटी ने कार में घुसकर जान बचाई। गोली लगते ही मीरा ठाकुर वहीं गिर गई। आसपास के लोग घटनास्थल पर आ गए। पार्षद राजेश पिंटू ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। एसपी सिटी एमपी सिंह, सीओ सिटी वरुण कुमार और कोतवाली एसपी सिंह पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। घायल मीरा ठाकुर को नयति अस्पताल ले जाया गया। तब तक उनकी मौत हो गई। मृतका के भाई लीला ठाकुर ने कोतवाली में मीरा ठाकुर के पुत्र रामठाकुर के ससुर रमेश तरकर, साला अनिल, जीतू और दीवान सिंह के खिलाफ नामजद रिपोर्ट कराई। घटना के पीछे का कारण पारिवारिक विवाद बताया। राम ठाकुर ने अपनी पत्नी को तीन साल पहले छोड़ दिया था। तभी से राम ठाकुर और उसके ससुरालियों के बीच विवाद चला आ रहा था। एसपी सिटी ने बताया, चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट की गई है। इधर, पुलिस ने देररात गांव शहजादपुर पौरी में दबिश देकर एक नामजद आरोपित को भी उठा लिया।