बैंक के गार्ड के कंधे से गिरी बंदूक चली, दो घायल
सदर स्थित इंडियन बैंक में गोली चलने से मची भगदड़, बंदूक कब्जे में लेकर गार्ड से पूछताछ कर रही पुलिस
आगरा (जागरण संवाददाता): सदर में इंडियन बैंक में सोमवार को सुबह गार्ड के कंधे से गिरने के बाद बंदूक से गोली चल गई। बैंक में मौजूद दो ग्राहक छर्रे लगने से घायल हो गए। इसके बाद भगदड़ मच गई। दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिवाली की छुट्टियों के बाद सोमवार को बैंक खुली थी। सुबह 11.30 बजे बैंक में कर्मचारियों के अलावा चार-पांच ही ग्राहक थे। बैंक गार्ड एटा के नसीरपुर निवासी शिशुपाल सिंह के कंधे पर डबल बैरल बंदूक लटकी थी। फर्श से पेपर उठाते समय अचानक कंधे से बंदूक गिर पड़ी। फर्श पर गिरते ही बंदूक से गोली चल गई। बैंक में मौजूद नगला परसोती निवासी ग्राहक मोनू और उनके चचेरे भाई कमल छर्रे लगने से घायल हो गए। कमल के पैर और मोनू के सिर, पैर और हाथ में छर्रे लगे हैं। गोली की आवाज सुनते ही बैंक में भगदड़ मच गई। पुलिस और बैंककर्मियों ने घायल युवकों को निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। पुलिस ने गार्ड की बंदूक कब्जे में ले ली और पूछताछ के लिए उन्हें थाने ले गई। इंस्पेक्टर सदर नरेंद्र कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
एटीएम का फार्म भरने पहुंचे थे बैंक
नगला परसोती निवासी मोनू और कमल का इंडियन बैंक में खाता है। वे एटीएम कार्ड जारी कराने को बैंक पहुंचे थे। काउंटर के पास खड़े होकर फार्म भर रहे थे। तभी छर्रे लगने से घायल होकर गिर पड़े।
गनीमत रही कम ग्राहक थे
कई दिनों की छुट्टी के बाद सभी बैंकों में सोमवार को ग्राहकों की संख्या अधिक थी। मगर, इंडियन बैंक में केवल चार-पांच ही ग्राहक थे। अगर, ग्राहकों की संख्या अधिक होती तो बड़ी घटना हो सकती थी।