Move to Jagran APP

ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला अछनेरा, एक की मौत

चूल्हा जलाने को लेकर हुआ था विवाद। कोचिंग संचालक ने पड़ोसी की बहू पर तान दी थी बंदूक। बीचबचाव में एक की मौत।

By JagranEdited By: Published: Tue, 14 Aug 2018 12:11 PM (IST)Updated: Tue, 14 Aug 2018 12:11 PM (IST)
ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला अछनेरा, एक की मौत
ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला अछनेरा, एक की मौत

आगरा(जेएनएन): चूल्हा जलाने को लेकर हुआ दो पड़ोसियों के बीच का विवाद ताबड़तोड़ फायरिंग में बदल गया। दो पक्षों के मध्य के इस विवाद में बीच बचाव को आए एक युवक को अपनी जान तक गंवानी पड़ी। अछनेरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुई वारदात से सनसनी फैल गई।

loksabha election banner

घटना के अनुसार थाना अछनेरा में 35 वर्षीय मोरध्वज पुत्र कोमल सिंह अपने घर पर ही अमेरिकन इंग्लिश स्पीकिंग कोचिंग क्लास चलाता है। सोमवार रात पड़ोस में रहने वाले 65 वर्षीय मास्टर शिव सिंह मूल निवासी कचौरा से विवाद हो गया। विवाद की वजह शिव सिंह के घर पर ईधन से जलने वाला चूल्हा था। मोरध्वज का कहना था कि चूल्हा से उठने वाला धुंआ उसकी कोचिंग क्लास में आता है। उसने इसे जलाने को मना किया। रात का यह विवाद मंगलवार की सुबह भी जारी रहा। शिव सिंह की पुत्रवधू पूजा चूल्हा जला रही थी। धुंआ फिर उठा तो मोरध्वज अपनी बंदूक लेकर शिव सिंह के घर में घुस आया और पूजा पर बंदूक तान दी। डर के मारे पूजा नीचे बैठ गई। मोरध्वज की इस हरकत के चलते शिव सिंह के परिवार में चीख पुकार मच गई। आवाजें सुन पड़ोस में स्थित बिल्डिंग मटेरियल की दुकान का ट्रैक्टर चालक बंटू पुत्र राजवीर निवासी कचौरा बीच बचाव में आ गया। मोरध्वज ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी जिसके कारण एक गोली बंटू के पेट में लग गई।

घटना की जानकारी लोगों ने थाना अछनेरा में दी। सुबह सात बजे की इस वारदात की सूचना के करीब दो घंटे बाद सर्कल में आने वाले पांच थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा। दो घंटे तक आरोपित ताबड़तोड़ फायरिंग करता रहा। करीब पांच- छह राउंड फायरिंग में एक दर्जन से अधिक गोलियां चलीं। सूचना से दो घंटे देर से पहुंची पुलिस पर भी आरोपित ने फायरिंग कर दी। दो राउंड फायरिंग करते हुए आरोपित अपने घर के कमरे में बंद हो गया। एक आरोपित को पकड़ने के लिए पांच थानों का फोर्स भी कम पड़ रहा था। एसपी देहात अखिलेश नारायण भी मौके पर पहुंच गए। आरोपित द्वारा फायरिंग न रोकने पर पुलिस बल को अश्रु गैस छोड़नी पड़ी तब जाकर आरोपित हिरासत में आया। मौके पर एसओजी आगरा, फ्लैग कमांडो और डॉग स्क्वॉयड बुला लिये गए हैं। 60 मीटर की दूरी दो घंटे में तय की पुलिस ने: घटनास्थल से कोतवाली अछनेरा महज 60 मीटर की दूरी पर ही है, बावजूद इसके पुलिस फोर्स को मौके पर पहुंचने में दो घटे का समय लग गया। गुस्साए लोगों ने किया पथराव: एक तरफ आरोपित फायरिंग कर रहा था तो दूसरी ओर सड़क पर गोली से घायल बंटू तड़प रहा था। पुलिस जब तक मौके पर पहुंची तब तक बंटू के शरीर से काफी खून बहने के कारण मौत हो चुकी थी। मृतक के गांव कचौरा में बंटू की मौत की सूचना जैसे ही मिली ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आरोपित की गिरफ्तारी न होते देख पथराव शुरू कर दिया। बंटू की हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर पथराव किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.