Move to Jagran APP

Breaking: आगरा में मतदान केंद्र पर फायरिंग कर मतपेटिकाएं लूट ले गए दबंग, देखते रह गए पुलिसकर्मी

फतेहाबाद के रिहावली गांव की घटना दोपहर 12 बजे तक पड़े थे 80 वोट। फर्जी मतदान को लेकर हुए बवाल के बाद भी बूथ पर तैनात थे दो सिपाही और होमगार्ड। जिलाधिकारी ने मतदान रद कर दोबारा मतदान कराने की घोषणा की।

By Prateek GuptaEdited By: Published: Thu, 15 Apr 2021 02:44 PM (IST)Updated: Thu, 15 Apr 2021 02:54 PM (IST)
Breaking: आगरा में मतदान केंद्र पर फायरिंग कर मतपेटिकाएं लूट ले गए दबंग, देखते रह गए पुलिसकर्मी
फतेहाबाद के रिहावली बूथ पर मतपेटिकाएं लूटे जाने के बाद पहुंचा पुलिस फोर्स।

आगरा, जागरण संवाददाता। फतेहाबाद के रिहावली गांव में पुलिस की लापरवाही के चलते मतदान केंद्र से दबंग फायरिंग कर मतपेटिकाएं लूट ले गए। फर्जी मतदान को लेकर पहले मतदान केंद्र पर बवाल हुआ। इसमें पांच लोग घायल हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची और चली गई। इसके कुछ देर बाद ही दबंग फायरिंग कर मतदान केंद्र से मतपेटिकाएं लूट ले गए। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी देखते ही रह गए।

loksabha election banner

फतेहाबाद के रिहावली गांव में साहब सिंह और लायक सिंह प्रधान पद के प्रत्याशी हैं। गुरुवार को गांव में मतदान केंद्र पर वोट डाले जा रहे थे।सुबह 11 बजे साहब सिंह पक्ष ने लायक सिंह पक्ष पर फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाया। उन्होंने वोट डालने का विरोध भी किया। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्ष के समर्थक आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। बवाल में साहब सिंह, थान सिंह और तेज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें उपचार के लिए आगरा ले जाया गया। वहीं मामूली रूप से चोटिल हुए देवीलाल व एक अन्य को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। पुलिस ने मौके से चार लोगों को हिरासत में लिया है।इसी बीच पास के गांव रूपपुर में झगड़े की सूचना मिल गई। पुलिस फोर्स के साथ अधिकारी इस गांव में पहुंच गए। इसी बीच दबंगों को मौका मिल गया। रिहावली मतदान केंद्र सामान्य की श्रेणी में था। एक ही बूथ था। इसलिए यहां सुरक्षा में केवल दो सिपाही और एक होमगार्ड तैनात था। पुलिस अधिकारियों ने हद दर्जे की लापरवाही यह बतरी कि झगड़े के बाद भी यहां फोर्स नहीं बढ़ाया गया।दोपहर 12 बजे यहां करीब 30-35 लोग मतदान केंद्र पर पहुंचे। फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर पुलिसकर्मी और पोलिंग पार्टी ने कमरा अंदर से बंद कर लिया। ऐसे में दबंग जंगला तोड़कर बूथ में अंदर घुस गए। हथियार बंद कुछ युवक यहां से अंदर घुसे और अंदर रखी दो मतपेटिकाएं लूट ले गए। यहां मौजूद पुलिसकर्मी विरोध का भी साहस नहीं जुटा सके। एक मतपेटिका खाली बताई जा रही है जबकि दूसरी में 80 वोट पड़ चुके थे। बूथ पर कुल मतदाताओं की संख्या 451 है। मतपेटिकाएं लूटकर दबंग मौके से भाग गए। इसके बाद डीएम प्रभु एन सिंह और एसएसपी मुनिराज जी पुलिस फोर्स के साथ मतदान केंद्र पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के इलाके में आरोपितों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।

डीएम प्रभु एन सिंह ने रिहावली मतदान केंद्र पर मतदान को रद करते हुए दोबारा मतदान कराने की घोषणा की। एसएसपी मुनिराज जी का कहना है कि कुछ लोग फायरिंग करके मतपेटिकाएं लूट ले गए हैं। इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मगर, अभी तक मतपेटिकाएं बरामद नहीं हुई हैं। आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी। आरोपितों के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.