Fight Against CoronaVirus: कोरोना से फाइट मतलब सही डायट, जानिए विशेषज्ञ की राय
Fight Against CoronaVirus पेशेंट का खाना साफ और गर्म होना चाहिए। पोर्शन छोटे लेकिन प्रोटीन भरपूर होने चाहिए। दिन भर प्रचुर मात्रा में पेय पदार्थ जरूरी है। जंक फूड तली भुनी चीजें नहीं खानी चाहिए। हाई शूगर वाले ड्रिंक का भी त्याग करें।
आगरा, जागरण संवाददाता। कोरोना वायरस के संक्रमण का प्रभाव कम हुआ है, लेकिन थमा नहीं है। इसलिए सावधानी बरतनी जरूरी है। संतुलित एवं पौष्टिकता से भरपूर भोजन करें, ताकि रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्यूनिटी पावर) मजबूत बनी रहे। इस महामारी के चलते आपको ऐसे भोजन की जरुरत है, जो आपकी कमजोरी को दूर करें और आपकी इम्यूनिटी बढ़ाए।
आयुर्वेदाचार्य डा कविता गोयल ने बताया कि कोरोना के इस घातक दूसरी लहर ने सबको हिलाकर रख दिया है। इलाज से लेकर खानपान तक प्रोटोकॉल बदल रहे हैं। ये तो सामान्य बात है कि इम्युनिटी बढ़ाने वाला खाना पीना इस वक्त अच्छा है। लेकिन दिक्कत तब शुरू होती है जब आपको कोविड का कोई लक्षण आ जाए या फिर आप टेस्ट पॉजिटिव हो जाएं। अब जो स्थिति है उसमें ज्यादा सावधानी जरूरी है। टेस्ट रिपोर्ट या लक्षण के सामने आते ही डाक्टर की सलाह शुरू करें। खाने पीने को अपने शरीर और बीमारी की स्थिति के हिसाब से चलाना पड़ेगा। भगवान ना करे, अगर बीमारी बढ़ती है तो फिर ना सिर्फ बीमारी बल्कि इलाज और दवा को सपोर्ट करने के लिए भी खाने का सही होना जरूरी है। कोविड से बाहर आने के बाद रिकवरी में भी भोजन का सबसे बड़ा रोल है। इसलिए कोरोना से फाइट के लिए सही डायट होनी चाहिए।
डा कविता गोयल ने बताया कि कोरोना से लड़ने को लिए अच्छे खान पान और इम्युनिटी की जरूरत है। वायरस और बीमारी से सुरक्षा के लिए संतुलित आहार लेने की आदत डालें। कोविड में आहार के तीन स्तंभ हैं। विटामिन सी,विटामिन डी और जिंक। विटामिन सी के लिए रसदार फल लें। हरी सब्जियों से विटामिन और मिनरल मिलता है। लहसुन की कलियों से जिंक मिलेगा। अदरख से संक्रमण से लड़ने में मदद मिलेगी। दही से विटामिन डी और पालक से मिनिरल मिलते हैं। बादाम से जरूरी विटामिन मिलते हैं। सूरजमुखी के बीज से भी विटामिन और मिनरल मिलते हैं। हल्दी, ग्रीन टी, पपीते से फायदा होता है। किवी फल भी पोषक तत्वों का खजाना होता है।
खिचड़ी है सुपर फूड
डा कविता गोयल ने बताया कि खिचड़ी कोविड मरीजों के लिए सबसे सुरक्षित है। हर शरीर की भोजन जरूरतें अलग होती हैं। खिचड़ी सबकी जरूरत में फिट हो जाता है। इसमें चावल की जगह बाजरा भी चलेगा। इसके साथ एक प्रोटीन स्रोत जोड़ें। खिचड़ी में सब्जियां मिला सकते हैं। लेकिन सिर्फ खिचड़ी खाकर ना रहें।
कोविड मरीज की थाली
डा कविता गोयल ने बताया कि घर में बना साधारण खाना उत्तम होता है। सब्जी, दाल, चावल की थाली सबसे सही है। रिकवरी में मल्टी ग्रेन रोटी उत्तम होती है। फैट, फाइबर वाले खाद्य पदार्थ,प्रोटीन,विटामिन वाले खाद्य पदार्थ, मिनरल, एंटी ऑक्सीडेंट, फोलेट ये सब जरूरी हैं। पेशेंट का खाना साफ और गर्म होना चाहिए। पोर्शन छोटे लेकिन प्रोटीन भरपूर होने चाहिए। दिन भर प्रचुर मात्रा में पेय पदार्थ जरूरी है। जंक फूड, तली भुनी चीजें नहीं खानी चाहिए। हाई शूगर वाले ड्रिंक का भी त्याग करें।
अगर पेट खराब है तो
डा कविता गोयल ने बताया कि आसानी से पचने वाला आहार लें। खिचड़ी, दलिया, दाल चावल सबसे बढ़िया रहेंगे। सांभर चावल, दही चावल, सूप भी सही हैं। कोरोना मरीज के लिए डाक्टर की सलाह जरूरी है। डाक्टर बताएंगे सही खाना क्या है। दवा के हिसाब से भी खाना पीना तय होगा। इलाज के दौरान एहतियात जरूरी है। खाने पीने से इलाज को सपोर्ट मिलेगा। रिकवरी के लिए भी डायट प्लान जरूरी है।