Fear of Police: खाकी का खौफ, हाथ जोड़कर खुद ही आगरा में थाने पहुंच गया डाक्टर का अपहरणकर्ता
यमुना पार क्षेत्र से डा. उमाकांत गुप्ता के अपहरण में शामिल बदमाश गुरुवार दोपहर में एत्माद्दौला थाने में पहुंचा समर्पण करने। अपहरण करने का मुख्य आरोपित बदन सिंह बुधवार देर रात पुलिस के साथ मुठभेड़ में हो गया था ढेर। आत्मसमर्पण करने वाले बदमाश को सताया एन्काउंटर का डर।
आगरा, जागरण संवाददाता। कुछ भी हो, बीते पखवाड़े में खाकी का खौफ तो बदमाशों के बीच बना है। अब ये बात तो आम लोग भी समझने लगे हैं। हाल ही में आगरा पुलिस ने एक के बाद एक बदमाशों के साथ हुए एन्काउंटर में सीधे पैर में गोली मारी है, अपराध से तौबा तो ये लोग कर लेंगे लेकिन जीवनभर ढंग से चल फिर भी नहीं पाएंगे। खाकी का डर कैसा होता है, इसकी बानगी गुरुवार दोपहर को देखने को मिली, जब आगरा के यमुना पार इलाके से डाक्टर उमाकांत गुप्ता के अपहरण में वांछित चल रहा एक बदमाश, खुद हाथ जोड़ता हुआ थाने पहुंच गया और आत्म समर्पण कर दिया।
यमुना पार इलाके में विद्या नर्सिंग होम के डाक्टर उमाकांत गुप्ता का अपहरण उस समय किया गया था, जब वे रात को राउंड लेने निकले थे। पुलिस ने सर्विलांस के जरिए उनकी कार की लोकेशन ढूंढ़ निकाली। राजस्थान सीमा की तरफ लोकेशन मिलने पर वहां की पुलिस से संपर्क किया और डाक्टर की सकुशल रिहाई करा ली थी। इस दौरान एक बदमाश और एक युवती को मौके से गिरफ्तार भी किया था। इस घटना के मुख्य आरोपित बदन सिंह पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। मंगलवार को बदन सिंह की लोकेशन बीहड़ में मिली, मगर वह हाथ नहीं आया। बुधवार देर रात को पुलिस को बदन सिंह गैंग के जगनेर में मूवमेंट की जानकारी हुई। इस पर एसएसपी मुनिराज जी., एसपी पश्चिम सत्यजीत गुप्ता पुलिस टीमों के साथ जगनेर क्षेत्र में पहुंच गए। रात डेढ़ बजे पुलिस की जगनेर क्षेत्र के कछपुरा में बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में बदन सिंह और उसके एक साथी को गोली लग गई। घायल साथी की पहचान अक्षय राठौर के रूप में हुई है। दोनों की ही मौत हो गई।
ये खबर जब सुबह फैली तो बदन सिंह गैंग का बदमाश भोला, एत्माद्दौला पुलिस स्टेशन पर गुरुवार दोपहर खुद ही हाजिर हो गया। हाथ जोड़कर थाने पहुंचे भोला ने कहा कि मुझे डर है कि पुलिस मुझे भी मार देगी। मुझे अपने किए पर पछतावा है, मैं आत्मसमर्पण करना चाहता हूं। फिलहाल पुलिस भोला से पूछताछ कर रही है।
हाल ही में मार गिराए चार बदमाश
आगरा पुलिस ने अभी हाल ही में चार बदमाश मार गिराए हैं। मणप्पुरम गोल्ड लोन की कमलानगर शाखा से करोड़ों का सोना लूटकर भागते बदमाशों में से दो को पुलिस ने एत्मादपुर में हुई मुठभेड़ में ढेर कर दिया था। इसके बाद डाक्टर अपहरण कांड में वांछित बीहड़ में अपहरण करने का गैंग संचालित करने वाला बदन सिंह और उसका साथी अक्षय बुधवार-गुरुवार की रात्रि मुठभेड़ में मारे गए।