ससुराल में क्रूरता की हद पार, आंखों में मिर्च झौंक पिता पुत्री काे उतारा मौत के घाट
विवाद के चलते समझौते को आए थे दोनों। बुरी तरह पीटने के बाद रस्सी से गला भी घोंटा।
आगरा, जेएनएन। एआ के अलीगंज कस्बे में ससुराल आई बेटी और उसके पिता की ससुरालीजनों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। दोनों का रस्सी से गला भी घोंटा गया। इतना ही नहीं क्रूरता की हदें लांघते हुए हत्यारों ने दोनों की आंखों में मिर्च भी झौंक दी। मृतका के सास, ससुर व ससुर के भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका पति फरार है।
दिल दहला देने वाली यह घटना अलीगंज कस्बे के मुहल्ला टपकन टोला में शनिवार रात 1.30 बजे हुई। नयागांव क्षेत्र के कस्बा सराय अगहत निवासी 60 वर्षीय रक्षपाल गुप्ता पुत्र लवकुश गुप्ता अपनी 23 वर्षीय बेटी सावित्री पत्नी पारसचंद्र को लेकर उसकी ससुराल गए थे। बेटी और उसके पति के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था। इसलिए समझौते को पिता-पुत्री अलीगंज आए थे। रात के समय दोनों छत पर सो रहे थे कि तभी पति पारस व ससुर गिरीशचंद्र, सास मैना देवी तथा तहेरे ससुर भगवानदास ने लाठी-डंडों, सरियों से दोनों को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। इस दौरान रस्सी से दोनों का गला भी घोंटा गया। मौके पर ही पिता- पुत्री ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। बताया गया है कि पारस 20 दिन पहले सावित्री को उसके मायके छोड़ गया था और डेढ़ साल का बच्चा उसने अपने पास ही रख लिया था। पति दिल्ली में रहता है, लेकिन घटना के वक्त पूरा परिवार अलीगंज में था। पिता- पुत्री ने खूब चीखपुकार मचाई। मुहल्ले वालों की नींद टूट गई और वे आरोपितों के घर पर एकत्रित हो गए तथा मामले की सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गिरीश, भगवानदास, मैना देवी को गिरफ्तार कर लिया और उनसे पूछताछ की जा रही है। इधर जिला मुख्यालय से एसएसपी स्वप्निल ममगाई, अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार भी घटना स्थल पर पहुंचे तथा निरीक्षण किया। एएसपी ने बताया कि घटना को लेकर तहरीर पुलिस को मिली है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पकड़े गए आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप