एटा में खुलेआम गोलियों से भून डाला किसान, ये रही हत्या की वजह
जमीन को लेकर चल रहे विवाद में किसान पर तमंचे से दागी गोलियां।
आगरा, जेएनएन। एटा के निधौलीकलां क्षेत्र में किसान को गोली मार दी गई। घायल अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। हालत खतरे में देखते हुए घायल को आगरा रेफर कर दिया गया। जहां निजी अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
हत्या का यह मामला ग्राम रफतनगर सेंथरा में शनिवार रात का है। गांव के निवासी 60 वर्षीय किसान जितेंद्र सिंह पुत्र रुकमपाल सिंह भूसा लाने के लिए वाहन की व्यवस्था करने गांव में ही जा रहे थे। तभी रास्ते में उन्हें गांव का ही गोविंद पुत्र अभयपाल उर्फ पप्पू मिल गया। आरोप है कि देखते ही गोविंदा ने अंटी में लगा तमंचा निकालकर किसान को गोली मार दी। पेट में गोली लगने से वह घायल हो गए। फायर की आवाज और घायल की चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। किसान को गोली मारने के बाद आरोपित मौके से भाग गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। घायल को जिला अस्पताल के आपात कक्ष में भर्ती कराया गया। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल की हालत खतरे में देखते हुए उन्हें आगरा रेफर कर दिया। मृतक के परिजनों ने बताया कि गोविंदा का परिवार के ही लोगों से जमीन का विवाद चला आ रहा है। एक पक्ष की जितेंद्र सिंह द्वारा मदद की जा रही थी। इसी रंजिश को लेकर गोविंदा ने उनकी हत्या कर दी। निधौलीकलां के इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप