Fake Currency: पंचायत चुनाव में थी 100 करोड़ के नकली नोट खपाने की तैयारी, पूरा गैंग पकड़ा
पूरे आगरा मंडल में वितरित होने थे चुनाव के दौरान नकली नोट। फीरोजाबाद पुलिस ने कर दिया पूरे गिरोह का पर्दाफाश। हर दिन बनाए जा रहे थे 25 हजार के नकली नोट। हूबहू असली जैसा ही नोट बनाने में हासिल कर ली महारत।
आगरा, जेएनएन। प्रदेश में पंचायत चुनाव की सरगर्मी बढ़ने के साथ ही नकली शराब के अलावा नकली नोट भी वितरित करने की तैयारी है। अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 100 करोड़ रुपये के नकली नोट, इस चुनाव के दौरान पूरे आगरा मंडल में बांटे जाने की योजना थी। मतदाता, रकम पाकर खुश हो जाते और वोट दे आते। बाद में अगर नोट नहीं चलता तो कोई जिम्मेदारी नहीं थी। फीरोजाबाद पुलिस ने एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चुनाव में धन बांटे जाने के षडयंत्र पर भी रोक लगा दी है।
फीरोजाबाद के एसएसपी अजय पांडे ने गुरुवार दोपहर प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि नकली नोट बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दिया गया है। गिरोह के सरगना तेजेन्द्र सिंह समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एसएसपी ने बताया कि पंचायत चुनाव में नकली नोट खपाने की तैयारी थी। इस गिरोह ने सौ करोड़ के नकली नोट बनाने का टारगेट तय किया था। मुख्य आरोपित तेजेंद्र पांच साल तक तिहाड़ जेल में रह चुका है। अब तक उसके खिलाफ 15 मुकदमे दर्ज हैं। गैंग में शामिल चार बदमाश शिकोहाबाद के रहने वाले हैं। तेजेन्द्र ने बताया कि वह एक दिन में 25 हजार के नोट बनाता था। ट्रायल में सफलता मिलने के बाद ये लोग और उपकरण खरीदने की थी तैयारी, जिससे एक दिन में और ज्यादा नोट छापे जा सकें।