अब ताज महल के पश्चिमी गेट को सुविधा संपन्न बनाने की तैयारी, ये प्रस्ताव भेजा गया Agra News
केंद्रीय संस्कृति मंत्री के निरीक्षण के बाद एएसआइ ने मुख्यालय भेजा प्रस्ताव। आइटीडीसी के रेस्टोरेंट और फतेहपुरी मस्जिद की जगह की जाएगी शामिल।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताज पश्चिमी गेट पर पर्यटकों की सुविधा को फेसिलिटेशन सेंटर बनाया जाएगा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) ने इसका प्रस्ताव तैयार कर मुख्यालय भेज दिया है। इंडिया टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (आइटीडीसी) के रेस्टोरेंट व फतेहपुरी मस्जिद की जगह को इसमें शामिल किया जाएगा। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल 29 अगस्त को ताज के निरीक्षण को आगरा आए थे। उन्होंने पश्चिमी गेट स्थित आइटीडीसी के रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया था। उन्होंने फतेहपुरी मस्जिद में शिफ्ट की जाने वाली टिकट विंडो के प्रस्ताव की भी जानकारी ली थी। फतेहपुरी मस्जिद पर अधिक जगह नहीं होने से एएसआइ अधिकारियों ने उन्हें ताज पश्चिमी गेट पर संचालित आइटीडीसी के रेस्टोरेंट की जगह को शामिल कर फेसिलिटेशन सेंटर के पुराने प्रस्ताव की जानकारी दी थी। इस पर उन्होंने प्रस्ताव बनाकर भेजने के निर्देश दिए थे। अधीक्षण पुरातत्वविद वसंत कुमार स्वर्णकार ने बताया कि पश्चिमी गेट पर फेसिलिटेशन सेंटर का प्रस्ताव तैयार कर मुख्यालय भेज दिया गया है।
तो पर्यटन सीजन में ङोलनी होगी परेशानी
पश्चिमी गेट पर सहेली बुर्ज में संचालित टिकट विंडो को फतेहपुरी मस्जिद में शिफ्ट किया जाना है। एएसआइ इसका 20 लाख रुपये का टेंडर कर चुकी है। नए प्रस्ताव के अनुसार टिकट ¨वडो को शिफ्ट करने का काम अटक सकता है। इस पर एएसआइ की महानिदेशक निर्णय करेंगी कि काम किया जाए या नहीं। अगर ऐसा हुआ तो पर्यटन सीजन में पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
आसान नहीं है राह
आइटीडीसी के रेस्टोरेंट की जगह पर पूर्व में भी फेसिलिटेशन सेंटर के निर्माण का प्रस्ताव था। जगह तो आइटीडीसी की ही रहेगी, लेकिन भवन के जीर्णोद्धार पर एएसआइ को व्यय करना होगा। यहां संचालित आइसक्रीम पार्लर आदि के किराये से आइटीडीसी की वार्षिक आय है। एएसआइ उसे इसका भुगतान नहीं कर सकता। इसी बात को लेकर पूर्व में पेच फंसने से प्रस्ताव स्थगित हो गया था।