संजय प्लेस के हर ब्लाक से हटेगा अतिक्रमण
30 मार्च के बाद नगर निगम और एडीए की संयुक्त टीम करेगी कार्रवाई गैलरी होगी कब्जा मुक्त नगरायुक्त और एडीए उपाध्यक्ष ने किया निरीक्षण
आगरा, जागरण संवाददाता। संजय प्लेस के फुटपाथ और रोड के साथ ही अब हर ब्लाक से अतिक्रमण हटाया जाएगा। छह एंपोरियम ब्लाक की गैलरी को कब्जा मुक्त कराया जाएगा। शौचालयों को तोड़कर दुकानें बनाने वाली समितियों के अध्यक्ष और सचिव को दोषी मानते हुए कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम और आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) की संयुक्त टीम 30 मार्च के बाद कार्रवाई शुरू करेगी।
नगरायुक्त निखिल टीकाराम और एडीए उपाध्यक्ष डा. राजेंद्र पैंसिया ने शुक्रवार सुबह साढ़े छह बजे संजय प्लेस का निरीक्षण किया। शहीद स्मारक रोड स्थित एंपोरियम ब्लाक की गैलरी पर कब्जा हो चुका है। दुकानें खुल गई हैं। इससे लोगों को पैदल चलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई ब्लाक में नक्शे के विपरीत निर्माण हुआ है। इससे ब्लाक की डिजाइन बदल गई है। कुछ यही हाल शू मार्केट का भी है। नगरायुक्त ने बताया कि नगर निगम और एडीए की संयुक्त टीम सर्वे कर अतिक्रमण को चिन्हित कर रही है। फोर्स न मिलने से नहीं चला अतिक्रमण विरोधी अभियान : संजय प्लेस में शुक्रवार को प्रशासन और नगर निगम की टीम का अतिक्रमण विरोधी अभियान नहीं चला। चार दिनों के बाद अभियान बंद हुआ है। उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा शनिवार को आगरा आ रहे हैं, ऐसे में अभियान नहीं चलेगा। सहायक नगरायुक्त अनुपम शुक्ला ने बताया कि 22 मार्च से अभियान शुरू होगा। संजय प्लेस एक नजर में
- 120 ब्लाक हैं। इनमें 24 ब्लाक सरकारी हैं।
- 24 ब्लाक कपड़ा बाजार और 25 ब्लाक शू मार्केट के हैं।
- छह एंपोरियम ब्लाक हैं।
- 3300 दुकानें और 500 फ्लैट हैं।