JE Murder Case: परिचित हो सकता है हत्या में शामिल, विद्युत विभाग में कार्य बहिष्कार Agra News
गुरुवार रात जूनियर इंजीनियर प्रदीप कुमार की गोली मार कर दी थी हत्या। परिजनों संग अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक मंडल में कर रहे हत्यारों को पकड़ने के लिए प्रदर्शन।
आगरा, जेएनएन। गुरुवार देर रात जूनियर इंजीनियर की गोली मारकर हत्या के बाद से सनसनी फैल गई है। परिवार में जहां कोहराम मचा है वहीं मंडलभर के विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर दिया है। परिजन भी हत्यारों को जल्द पकड़ने के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं। मृतक के भाई ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है। अब तक हुई जांच के आधार पर पुलिस का मानना है कि मामला रंजिश का प्रतीत हो रहा है। संभवत: किसी परिचित ने ही घटना काेे अंजाम दिया।
मामले के अनुसार गुरुवार देर रात मथुरा के थाना जमुनापार क्षेत्र के पानी गांव डहरूआ रोड पर मां चंद्रावली शीत ग्रह के पास उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड में जूनियर इंजीनियर प्रदीप कुमार (35) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। प्रदीप कुमार पानी गांव फीडर पर जूनियर इंजीनियर के पद तैनात थे। गुरुवार को रात साढ़े नौ बजे ब्रेक डाउन होने पर लाइन चेक करने बाइक से निकले थे। अज्ञात लोगों ने प्रदीप कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। प्रदीप कुमार मूल से आगरा के निवासी थे। गोली की आवाज सुनकर राहगीरों मौके पर पहुंचे। सूचना पर थाना पुलिस के साथ एसपी सिटी अशोक कुमार मीणा भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस को घटनास्थल से जेई की बाइक, लैपटॉप और मोबाइल मिला था।
शुक्रवार सुबह से मृतक के पैतृक गांव सदर के नैनाना ब्राह्मण में गम का माहौल है। गांव के लोगों ने प्रदीप की पत्नी पिंकी और बच्चों को शुक्रवार सुबह उनकी हत्या की जानकारी दी। इससे परिवार में कोहराम मच गया। मथुरा में पोस्टमार्टम के बाद ग्रामीण शव के आने का इंतज़ार कर रहे हैं। हत्या के मामले में प्रदीप के भाई महाराज सिंह नेे अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मृतक की मां हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग कर रही है। उधर विद्युत विभाग के अधिकारी से लेकर कर्मचारी मंडलभर में कार्य बहिष्कार कर रहे हैं। वे मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने और हत्यारों को जल्द पकड़ने की मांग कर रहे हैं। मथुरा के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पर कर्मचारी मुआवजे के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं।
मैनपुरी में बिजली विभाग के अधिकारियों ने कार्य बहिष्कार कर दिया। अवर अभियंता संघ के आह्वान पर मैनपुरी में लगभग तीन दर्जन अवर अभियंता और उप खंड अधिकारियों ने सर्किल ऑफिस में धरना दिया। उन्होंने एलान किया कि बिना सुरक्षा के काम नहींं करेंगे। कर्मचारियों ने चेकिंग अभियान और मास रेड का भी बहिष्कार किया। उनका कहना है कि उच्चाधिकारियों को मांग पत्र भेजेंगे। हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग भी वे कर रहे हैं। फीरोजाबाद में राज्य विद्युत जूनियर इंजीनियर संगठन ने कार्य बहिष्कार किया। जिले में तैनात सभी अवर अभियंताओं ने लेबर कॉलोनी स्थित सर्किल कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया।