चुनावी खर्चे का ब्योरा नहीं देने पर 70 प्रत्याशियों को नोटिस
नौ विधानसभा क्षेत्रों में 107 प्रत्याशी लड़ रहे हैं चुनाव कलक्ट्रेट सभागार और जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में व्यय रजिस्टर के साथ रहना था मौजूद सोमवार को प्रत्याशियों को व्यय रजिस्टर की करानी होगी जांच
आगरा, जागरण संवाददाता। नौ विधानसभा क्षेत्रों में 70 प्रत्याशियों ने चुनावी खर्चे की जानकारी देने में रुचि नहीं दिखाई है। शनिवार को सभी प्रत्याशियों को कलक्ट्रेट सभागार, जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में बुलाया गया था। संबंधित प्रत्याशियों को नोटिस जारी किया गया है। सोमवार को व्यय रजिस्टर के साथ उपस्थित होने के लिए कहा गया है।
नौ विधानसभा क्षेत्रों में 107 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसमें 97 पुरुष, नौ महिलाएं और एक थर्ड जेंडर प्रत्याशी शामिल हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के आदेश पर तीन प्रेक्षक चुनावी खर्च पर निगाह रखेंगे। इस चुनाव में व्यय की अधिकतम सीमा 40 लाख रुपये है। शनिवार को एत्मादपुर, आगरा कैंट, आगरा दक्षिण विस क्षेत्र के प्रत्याशियों के रजिस्टर की जांच सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक, आगरा उत्तर, ग्रामीण विस क्षेत्र के प्रत्याशियों की दोपहर दो से शाम पांच बजे तक कलक्ट्रेट सभागार में हुई। फतेहपुर सीकरी, खेरागढ़ विस क्षेत्र के प्रत्याशियों को जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कार्यालय में सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक, फतेहाबाद और बाह विस क्षेत्र के प्रत्याशियों को दोपहर दो से शाम पांच बजे तक हुई। नौ विधानसभा क्षेत्रों में 37 प्रत्याशी या फिर उनके प्रतिनिधि रजिस्टर लेकर पहुंचे। इसमें भाजपा, बसपा, सपा, कांग्रेस, आप प्रत्याशी प्रमुख रूप से शामिल हैं। एक अधिकारी ने बताया कि व्यय रजिस्टर की कापी ले ली गई है। हर विधानसभा क्षेत्र में तीन-तीन फ्लाइंग स्क्वाड और एक वीडियो सर्विलांस टीम गठित है। इन टीमों ने प्रत्याशियों के खर्चे का विवरण जुटाया है। उसका मिलान प्रत्याशी के रजिस्टर से किया जाएगा। गैर हाजिर रहने वाले 70 प्रत्याशियों को नोटिस जारी कर सोमवार को निर्धारित समय पर उपस्थित रहने के लिए कहा गया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी यशवर्धन श्रीवास्तव ने बताया कि नामांकन के दौरान सभी प्रत्याशियों को रजिस्टर दिया गया था। साथ ही हर सामान की रेट लिस्ट भी दी गई है।
आदर्श आचार संहिता के पालन पर जोर : फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र के प्रेक्षक एस. सुरेश कुमार ने शनिवार को सर्किट हाउस के सभागार में बैठक की। उन्होंने कहा कि आचार संहिता का पालन ठीक से कराया जाए।