Jobs in UP: संविदा पर नौकरी का कोई कार्यक्रम नहीं: Dy CM दिनेश शर्मा
विधानसभा उपचुनाव की समीक्षा करने आए उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा बोले पहले की तरह होगी भर्ती और चलेगी नौकरी। प्रदेश छोड़कर भाग गए हैं माफिया हो रही है कठोर कार्रवाई। विपक्षी राजनीतिक दलों पर साधा जमकर निशाना।
आगरा, जेएनएन। टूंडला विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों की समीक्षा करने आए उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रदेश में पांच साल की सरकारी नौकरी को लेकर सरकार का कोई कार्यक्रम नहीं है। विपक्ष इस संबंध में भ्रामक जानकारियां फैला रहा है। पहले की तरह पारदर्शी तरीके से भर्तियां होंगी और पहले ही तरह ही नौकरी चलेगी।
बुधवार दोपहर टूंडला हाईवे स्थित मैरिज होम में पार्टी की समन्वय समिति और मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री ने पत्रकार वार्ता के दौरान उक्त बात कही। ठाकुर बीरी सिंह इंटर कॉलेज में वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि पुलिस, ग्रामीण विकास समेत अन्य विभागों में पहले तीन लाख भर्तियां हो चुकी हैं और मुख्यमंत्री ने तत्काल भर्ती शुरू करने के आदेश दिए हैं।
कोरोना काल के बाद रोजगार को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार का काम नौकरियों के माध्यम से रोजगार देना है। इसके अलावा उद्योगों के माध्यम से रोजगार दिलाना भी है। इसके लिए सरकार काम कर रही है। पीएम की तरफ से शुरू किए गए प्रोजेक्ट के तहत छोटे व्यापारियों को लोन दिया गया गया है। रोजगार सरकार की प्राथमिकताओं में से एक है।
विकास कार्यों को लेकर सपा द्वारा उठाए जाने वाले सवालों पर उन्होंने कहा कि सपा ने सपने देखे होंगे। अब साढे तीन साल हो गए हैं दिवा स्वप्न देखना बंद करे। भाजपा के काम की क्रेडिट लेना बंद करना चाहिए।
प्रदेश छोड़कर भाग गए माफिया
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आम आवाम के अधिकाराें की रक्षा का काम सरकार का है और यह बखूबी किया जा रहा है। माफियाओं पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। माफिया प्रदेश छोड़कर भाग गए हैं। दूसरे प्रदेशों की जेलों में हैं। उन्होंने कहा कि हमने हाईस्कूल और इंटर की परीक्षाएं 12 दिन में करवाकर समय से परिणाम दिया है। यह बेहतर प्लानिंग का उदाहरण है। सरकार सबके लिए काम कर रही है। उपचुनाव में चारों तरफ भाजपा की बढ़त है और परिणाम हमारे पक्ष में आएंगे।
फीरोजाबाद को मिलेगी 24 घंटे बिजली
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर तरफ काम कर रही है। अब फीरोजाबाद को चौबीस घंटे बिजली मिलेगी। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थान के लिए फीरोजाबाद से कोई प्रस्ताव आता है कि तत्काल उसकी प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।