Kisan Andolan: पलवल जाने वाले यात्री परेशान, आगरा में दूसरे रूटों पर भी बसों का लंबा इंतजार
Kisan Andolan आइएसबीटी से हर रूट पर बसों की हो रही किल्लत। किसान आंदोलन के कारण मथुरा होकर दिल्ली रूट चल रहा प्रभावित। दिल्ली जाने वालों को मजबूरन एक्सप्रेस-वे पर अधिक पैसा खर्च कर सफर करना पड़ रहा है।
आगरा, जागरण संवाददाता। ठिठुरन भरी ठंड में यात्रियों को बसों का लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। आइएसबीटी पर मंगलवार को सुबह से सभी रूट के यात्री पहुंचे तो पलवल जाने वालों की संख्या अधिक थी। बस उपलब्ध नहीं होने के कारण यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा।
किसान आंदोलन के कारण मथुरा होकर पलवल, दिल्ली की दिशा में यात्री नहीं जा पा रहे हैं। इस रूट के यात्रियों को खासी मुश्किल हो रही है। दिल्ली जाने वालों को मजबूरन एक्सप्रेस-वे पर अधिक पैसा खर्च कर सफर करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत मथुरा और पलवल के बीच के गंतव्य वालों को हो रही है। जो बसें आती हैं, उनमें क्षमता से दोगुनी सवारियां चढ़ जाती हैं। ये भी मथुरा नहीं दूसरे रूट से होकर जा रही हैं। ऐसे में शारीरिक दूरी का पालन नहीं हो पा रहा है। लखनऊ, कानपुर, मथुरा, अलीगढ़, मैनपुरी, फीरोजाबाद, हाथरस सहित दूसरे रूट के लिए भी लंबे इंतजार के बाद बसें मिल रही हैं। इटावा के लिए बस का इंतजार कर रहे रोहन ने बताया कि अकसर ऐसी ही समस्या होती है। बसों को लेकर कभी पर्याप्त व्यवस्था नहीं रही। परिवहन निगम बसों के जाम में फंसे होने, कोहरे के कारण देरी होने की बात कह टाल देता है। आइएसबीटी पर पलवल जाने के लिए पहुंचे यूनिस ने बताया कि दो घंटे से बस का इंतजार कर रहा हूं, लेकिन कोई बस नहीं मिली। एक्सप्रेस-वे के माध्यम से जाने की परिवहन निगम के कर्मचारी कह रहे हैं। आइएसबीटी कंट्रोल रूम प्रभारी चंद्रहंस ने बताया कि बसों की संख्या पर्याप्त है। यात्री संख्या अधिक होने पर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाती है।