CoronaVirus in Agra: कोविड नियमों की अनदेखी, आगरा में सिटी बस न बन जाएं संक्रमण का वाहक
CoronaVirus in Agra आधे से ज्यादा सवारियां नहीं लगा रहीं मास्क। शारीरिक दूरी के नियम हो रहे हैं तार-तार। एमजी रोड पर 15 से 20 बसों का संचालन ही हो रहा है जिस कारण बसों में यात्री संख्या का दबाव रहता है।
आगरा, जागरण संवाददाता। कोराेना संक्रमण ने रफ्तार पकड़ ली है और एक दिन में केसों की संख्या 100 के पार हो गई है। इसके बाद भी लोग सतर्कता नहीं बरत रहे हैं। मजबूरन नाइट कर्फ्यू भी सोमवार रात से लगाने की घोषणा कर दी गई है। सिटी बसों में यात्रा करने वालों का तो बुरा हाल है। यात्रा करने वाले आधे यात्री मास्क नहीं लगा रहे हैं। जिन्होंने मास्क लगा रखा है, उसमें भी अधिकतर उसे नाक से नीचे रखते हैं। अधिकतर बसों में शारीरिक दूरी के नियम भी तार-तार हो रहे हैं।
एमजी रोड पर भगवान टाकीज चौराहे से आगरा कैंट तक सिटी बसों का संचालन होता है। एमजी रोड पर 15 से 20 बसों का संचालन ही हो रहा है, जिस कारण बसों में यात्री संख्या का दबाव रहता है। बसों में सवार होने वाले अधिकतर यात्री लापरवाही के कारण अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। सोमवार दोपहर एक बजे भगवान टाकीज चौराहे से प्रतापपुरा के लिए सवार हुए नीरज ने मास्क नहीं लगा रखा था। जब उनसे पूछा गया तो पहले मुस्करा गए। उसके बाद कहा कि जल्दबाजी में भूल गया हूं, रूमाल बांध लूंगा। पीछे की सीट पर बैठी विमलेश ने कहा कि मास्क पहनने में मुश्किल होती है। जब जरूरत होती है दुपट्टे को मास्क बना लेते हैं। ये दो उदाहरण हैं, अधिकतर का कुछ ऐसा ही हाल था। एक, दो ने तो जागरण टीम की पूछताछ के दौरान जेब से मास्क निकाल लगा लिया। कई दूसरी बसों का भी कुछ ऐसा ही हाल था। आगरा-मथुरा सिटी ट्रांसपोर्ट के एआरएम राशिद ने बताया कि परिचालक को सख्त निर्देश है कि मास्क लगाने वालों को ही बस में प्रवेश दिया जाए। अगर कोई लापरवाही करेगा तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।