स्मार्ट सिटी प्रशासन की लापरवाही से ताजगंज क्षेत्र में भरा पानी
ताजगंज नाले में दीवार बनाने के बाद हटाना गया भूल नाला उफान मारने के बाद मेयर के आदेश पर हटाई गई दीवार शमसाबाद रोड तक कनेक्ट किया गया है नाला
आगरा,जागरण संवाददाता। आगरा स्मार्ट सिटी लि. प्रशासन की लापरवाही हजारों लोगों के लिए मुसीबत बन गई। ताजगंज नाले में दीवार बनाने के बाद इसे हटाना भूल गया। इससे नाला उफान मारने लगा और लोगों के घरों तक में पानी भर गया। क्षेत्रीय लोगों ने इसकी शिकायतें मेयर नवीन जैन से की। मेयर के आदेश पर नाले से दीवार को हटाया गया।
आगरा स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 23 करोड़ रुपये से ताजगंज नाले का जीर्णोद्धार किया गया है। इस नाले को शमसाबाद रोड तक कनेक्ट किया गया है। इससे रोड पर जलभराव नहीं होगा और लोगों को होने वाली परेशानी से बचाया जा सकेगा। यह कार्य डेढ़ साल पूर्व शुरू हुआ था। ताजगंज नाले में स्मार्ट सिटी प्रशासन ने दीवार बनाई थी। नियमानुसार नाले का जीर्णोद्धार होने के बाद दीवार को हटा दिया जाता लेकिन ऐसा नहीं किया गया। बेमौसम बारिश के चलते नाला उफान मारने लगा। यह स्थिति इससे पूर्व भी कई बार बनी। इसके चलते ताजगंज क्षेत्र की रोड और गलियों में पानी भर गया। पार्षद राधिका जैन ने बताया कि दीवार बनाने की शिकायत मेयर नवीन जैन से की गई। इससे जल निकासी में अवरोध पैदा हो रहा था। जिस पर दीवार को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। अब आसानी से जल निकासी हो रही है।
दस जून तक डक्ट बनाओ नहीं तो कार्रवाई के लिए तैयार रहो
- डीएम ने स्मार्ट सिटी के कार्यों की समीक्षा, फतेहाबाद रोड पर बन रही है डक्ट
जासं, आगरा : डीएम प्रभु एन. सिंह ने मंगलवार तीसरे पहर कैंप कार्यालय में स्मार्ट सिटी के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि दस जून तक फतेहाबाद रोड पर डक्ट बनाने का कार्य पूरा हो जाना चाहिए। कार्य पूरा न होने पर ठेकेदार और संबंधित इंजीनियरों को दोषी माना जाएगा। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 105 करोड़ रुपये से फतेहाबाद रोड का सुंदरीकरण किया जा रहा है। कमिश्नरी से लेकर होटल रमाडा तक डक्ट और नाला बन रहा है। इसी तरह से 15 जून तक किले के सामने निर्माण कार्य पूरा करने के आदेश दिए। फतेहाबाद रोड का ठीक तरीके से सुंदरीकरण कराने के लिए कहा। मिलेगी आक्सीजन, पाइप लाइन जोड़ने में नहीं आएगी दिक्कत : जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से ताजगंज क्षेत्र तक 143 करोड़ रुपये से 1200 एमएम की पानी की लाइन बिछाई जा रही है। आक्सीजन न मिलने के कारण पाइप लाइन की वेल्डिग नहीं हो पा रही है। यह कार्य एक माह से बंद है। इस पर डीएम ने जल्द आक्सीजन उपलब्ध कराने की बात कही। वर्तमान में जीवनी मंडी पुलिस चौकी से आंबेडकर पुल तक लाइन की वेल्डिग होनी है।