जिला पंचायत अध्यक्ष: जोड़तोड़ में जुटे दावेदार
भाजपाई खेमे में सक्रिय हुए दावेदार अभी तक किसी दल ने नहीं खोले अपने पत्ते 26 जून को होगी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया तीन जुलाई को परिणाम
आगरा, जागरण संवाददाता। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव की तारीख घोषित होने के साथ ही दावेदार जोड़तोड़ में जुट गए हैं। भाजपाई खेमे में ज्यादा सक्रियता है जबकि, जिला पंचायत के 51 सदस्यों में से सबसे अधिक बसपा समर्थित सदस्यों के जीतने का दावा किया जा रहा है। अभी तक भाजपा या बसपा संगठन ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं। अध्यक्ष पद के लिए वह किस सदस्य पर दांव लगाएंगे, इस इसको लेकर संगठन चुप्पी साधे हैं।
राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव की तारीख घोषित कर दी हैं। 26 जून को नामांकन प्रक्रिया होंगे।तीन जुलाई को मतदान और इसी दिन मतगणना होगी यानि तीन जुलाई को ही अध्यक्ष की घोषणा हो जाएगी। मंगलवार को चुनाव कार्यक्रम की जानकारी होने के साथ ही दावेदार सक्रिय हो गए। अब तक सबसे ज्यादा हलचल भाजपाई खेमे में ही है। इस खेमे के कई दावेदार सदस्यों का समर्थन जुटाने में लगे हैं। साथ ही संगठन से हरी झंडी लेने के लिए लखनऊ के भी चक्कर काट रहे हैं। मगर, संगठन ने अभी तक प्रत्याशी के रूप में किसी सदस्य का नाम आगे नहीं किया है। इधर, बसपा का दावा है कि उसके समर्थन से 20 सदस्य चुनाव जीते हैं। समय आने पर अध्यक्ष पद के लिए वह चुनाव में कूद जाएंगे। भाजपा का दावा है कि उसके समर्थित 18 सदस्य चुनाव जीते हैं। सपा समर्थित भी पांच सदस्य चुनाव में विजयी रहे लेकिन अध्यक्ष पद की लड़ाई में वह मैदान से बाहर है। चुनाव कार्यक्रम
26 जून: सुबह 11 से दोपहर तीन बजे के बीच नामांकन प्रक्रिया। इसी दिन दोपहर तीन बजे के बाद नामांकन पत्रों की जांच।
29 जून: सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे के बीच उम्मीदवार अपना नामांकन पत्र वापस ले सकता है।
03 जुलाई: सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान। दोपहर तीन बजे के बाद परिणाम घोषित होगा।
डीएम कोर्ट में होंगे नामांकन
राज्य निर्वाचन आयोग ने जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए जिलाधिकारी को रिटर्निंग आफीसर (आरओ) बनाया है।जबकि एडीएम वित्त एवं राजस्व को असिस्टेंट रिटर्निंग आफीसर (एआरओ) बनाया है।अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया जिलाधिकारी कोर्ट में संपन्न होगी।