Covid 19: दो गज़ की दूरी- मास्क और, परिवार नियोजन है जरूरी, शुरू हो रहा ये अभियान
Covid 19 एक से 31 अक्टूबर के मध्य आगरा में शुरू होगा अभियान। आशाओं के जरिए परिवार नियोजन के साधन पहुंचाएंगे घर-घर तक। स्वास्थ्य विभाग के कार्यकर्ताओं ने कर ली तैयारी पूरी। आगरा का स्वास्थ्य विभाग व्यापक स्तर पर चलाएगा अभियान।
आगरा, जागरण संवाददाता। कोविड-19 के चलते बंद हुए परिवार नियोजन के कार्यक्रम एक बार फिर से शुरू होने जा रहे हैं। लॉकडाउन के कारण शहरों और गांवों में इच्छुक दंपत्तियों तक परिवार नियोजन के साधन पहुंचना बंद हो गए थे। आने वाले महीनों में प्रसव और गर्भपात की संख्या अधिक होने की संभावना के चलते परिवार नियोजन कार्यक्रम को एक से 31 अक्टूबर के मध्य फिर से शुरू किया जाएगा। दो गज की दूरी-मास्क और परिवार नियोजन जरूरी...का नारा दिया गया। इसके लिए कार्यकर्ताओं का सहयोग लिया जाएगा।
कोरोना वायरस से खुद को बचाते हुए जिले में एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक दो गज की दूरी- मास्क और, परिवार नियोजन है जरूरी अभियान चलाए जाने का निर्णय किया गया है। इस अभियान का उद्देश्य कोविड-19 से बचाव के संदेश के साथ साथ परिवार नियोजन के महत्व के संदेश को घर-घर आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से देना है। इस पूरे माह के दौरान आशा कार्यकर्ता अपने कार्यस्थल के हर लक्ष्य दंपती के घर गृह भ्रमण के दौरान जाएंगे। उनको परिवार नियोजन के लाभ बताते हुए कोई न कोई साधन लेने के लिए प्रेरित करेंगी। कार्यक्रम में यूपीटीएसयू और पीएसआई भी सहयोग करेगी।
परिवार नियोजन कार्यक्रम की आगरा में नोडल अधिकारी डा.रचना ने बताया कि हर आशा को यह लक्ष्य दिया गया है कि वह कम से कम तीन लक्ष्य दंपतियों को कोई ना कोई अंतराल विधि का साधन जैसे आईसीडी, अंतरा या पीपीआईडी की सेवा अवश्य ही दिलवाएंंगी। 1000 की जनसंख्या पर कम से कम 160-170 लक्ष्य दंपत्ति होते हैं, इसलिए यह लक्ष्य प्राप्त करना अत्यंत ही आसान है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.आरसी पांडेय ने बताया कि परिवार नियोजन कार्यक्रम को फिर से शुरू किया जाएगा। आशा कार्यकत्रियों के माध्यम से परिवार नियोजन के साधनों और कोरोना वायरस से बचाव के बारे में जागरूक किया जाएगा। सभी लक्ष्य दंपत्तियों को परिवार नियोजन की गुणवत्ता पूर्ण सेवा दिलवा सकते हैं।