प्रशासन की रोक के बावजूद फीरोजाबाद में हुआ विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण
एसडीएम ने दी थी मुकदमा दर्ज कराने की धमकी। टूंडला में गरमाया प्रतिमा प्रकरण मामला।
आगरा, जेएनएन। प्रशासन ने लाख रोक लगा लीं। यहां तक की मुकदमा दर्ज तक कराने की धमकी दे डाली लेकिन विश्व युवा दिवस पर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण हो गया। चैयरमेन रामबहादुर चक ने प्रतिमा का अनावरण कर दिया।
फीरोजाबाद जिले के टूंडला नगर में स्टेशन रोड पर प्रशासन की रोक के बाद लगाई गई स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का मामला पिछले कई दिनों से गरमाया हुआ है। प्रतिमा हटाने के लिए एसडीएम रामसूरत पांडे ने नोटिस जारी किया हुआ था। ऐसा न करने पर उन्होंने मुकदमा दर्ज कराने की धमकी भी दे रखी थी। बावजूद इसके शनिवार को प्रतिमा अनावरण हो गया।
बता दें कि बीते शनिवार को नपा चेयरमैन रामबहादुर चक ने टूंडला के जीजीआइसी स्कूल के सामने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापित कराई थी। हाईकोर्ट की रोक का हवाला देते हुए प्रशासन ने विरोध करते हुए फोर्स तैनात कराया था। इसके बाद भी जबरन प्रतिमा खड़ी करवाते हुए 12 जनवरी को लोकार्पण का एलान किया गया था। एसडीएम ने जबरन प्रतिमा लगाने पर चेयरमैन को प्रतिमा हटाने को नोटिस जारी किया था। नोटिस का समय गुरुवार को पूरा हो गया, लेकिन प्रतिमा नहीं हटी। मामले को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए चेयरमैन व अन्य पर मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी कर ली। प्रतिमा हटवाए जाने को लेकर भाजपा और एबीवीपी पदाधिकारियों ने रोष व्यक्त किया था।
पालिका प्रशासन ने खड़े किए हाथ
पेंच फंसने के बाद मामला नगर पालिका का बताया जा रहा था, मगर पालिका प्रशासन ने हाथ खड़े कर दिए। ईओ विमलापति का कहना है कि प्रतिमा के लिए पालिका द्वारा कोई बजट आवंटित नहीं किया गया है। चेयरमैन द्वारा अपने स्तर से प्रतिमा लगवाई गई है। पालिका का प्रतिमा से कोई लेना-नहीं है।