पिनाहट में भी उटंगन नदी की खोदाई शुरू, 15 किलोमीटर होगी खोदाई
क्षेत्रीय विधायक पक्षालिका सिंह और सीडीओ ए. मनिकंदन ने किया शुभारंभ
जागरण टीम, आगरा। बारिश का पानी सहेजने के लिए शुक्रवार को उटंगन नदी में खोदाई शुरू हो गई। इसका शुभारंभ विधायक पक्षालिका सिंह और सीडीओ ए. मनिकंदन ने संयुक्त रूप से किया। पिनाहट क्षेत्र में 15 किलोमीटर लंबी नदी की खोदाई में ढाई करोड़ का खर्चा आएगा।
राजस्थान की ओर से आने वाली उटंगन नदी ब्लाक के गांव मनोना, सबोरा, सेरब, बीधापुरा अरनोटा, बसई अरेला समेत एक दर्जन गांवो के लिए जीवनदायिनी रही है। वर्तमान में यह सूख गई है। इसका अस्तित्व बचाने के लिए क्षेत्रीय विधायक और सीडीओ ने कदम बढ़ाए हैं। शुक्रवार को यहां नदी की खोदाई का काम शुरू हो गया। इस मौके पर एसडीएम बाह अब्दुल बासित, खंड विकास अधिकारी ओमकार सिंह, मुन्ना लंबरदार, डा. विजय कुमार, ग्राम प्रधान मान सिह, सचिव रंजीत सिह, राहुल शर्मा, गोपाल, श्यामसुंदर शर्मा मौजूद रहे। जल्द मिलेगा सफाई कर्मचारियों को वेतन
जागरण टीम, आगरा। फतेहाबाद नगर पंचायत में कार्यरत स्थाई सफाई कर्मचारियों को दो माह का वेतन न मिलने पर अधिशासी अधिकारी ने अपना वेतन रोक कर सफाई कर्मचारियों को वेतन दिए जाने का रास्ता प्रशस्त किया।
नगर पंचायत में कार्यरत स्थाई, ठेका व संविदा कर्मचारियों को दो माह का वेतन नहीं मिला था। जिसके चलते सफाई कर्मचारी लगातार संघर्ष कर रहे थे। नगर पंचायत के स्थाई कर्मचारियों का वेतन अधिशासी अधिकारी के साथ रिलीज होना था। इसके कारण उसमें व्यवधान आ रहा था। जिसके बाद अधिशासी अधिकारी सविता वर्मा ने कर्मचारियों के हित में अपना वेतन रोकते हुए कर्मचारियों के लिए वेतन रिलीज करने का रास्ता प्रशस्त कर दिया। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि अब शीघ्र ही नगर पंचायत के स्थाई सफाई कर्मचारियों को वेतन मिल जाएगा। राज्यमंत्री ने बाटे मास्क सैनिटाइजर
जागरण टीम, आगरा। अछनेरा के गांव नयाबांस में शुक्रवार कोरोना से बचाव के लिए राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह ने लोगों को जागरूक किया। साथ ही मास्क, सैनिटाइजर व काढ़ा बांटे। ग्रामीणों ने राज्यमंत्री का साफा पहनाकर स्वागत किया। राज्यमंत्री ने बताया कि सैकड़ो मास्क, सैनिटाइजर वितरित का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कोरोना से बचाव के लिए ग्रामीणों को आगे आने की अपील की। उन्होंने बताया कि वे पुलिसकर्मी, बैंककर्मी और अस्पतालों में जाकर लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक कर रहे हैं।