Ram Mandir Ayodhya: राम भक्त आज करेंगे निधि समर्पण, 21 जनवरी तक चलेगा अभियान
Ram Mandir Ayodhyaनगर प्रखंड खंड स्तर सौंपी जिम्मेदारी घर-घर पहुंचेंगी टोलियां। 15 से 21 जनवरी तक ब्रजप्रांत में चलना है निधि समर्पण अभियान। आगरा विभाग के सभी नगरों के सहयोगी संगठन कार्यकर्ताओं को संयुक्त रूप से प्रशिक्षित किया जा चुका है।
आगरा, जागरण संवाददाता। भगवान श्रीराम के अयोध्या में हो रहे भव्य मंदिर निर्माण कार्य से रामभक्तों को जोड़ने के लिए उनसे 10 रुपये से लेकर क्षमता अनुसार सहयोग निधि समर्पण अभियान के तहत लिया जाना है। इसके लिए आरएसएस, विहिप, भाजपा और दूसरे सहयोगी संगठन जनजागरण कर चुके हैं। रैलियां, प्रभात फेरियां और घर-घर जाकर लोगों को पत्रक के माध्यम से प्रेरित किया जा चुका है। शुक्रवार सुबह से निधि समर्पण कार्यक्रम की शुरूआत होगी जो 21 जनवरी तक पूरे ब्रजप्रांत में चलेंगे।
निधि समर्पण के लिए निर्धारित टोलियां, गांव-गांव, गली, मुहल्लों, कालोनी, अपार्टमेंट में जाएंगी। नगर, प्रखंड, खंड स्तर पर संकलन होगा। इसके लिए आगरा विभाग के सभी नगरों के सहयोगी संगठन कार्यकर्ताओं को संयुक्त रूप से प्रशिक्षित किया जा चुका है। टोलियां कूपन देकर निधि संकलन करेंगी, जिसकों शाम तक प्रांतीय कार्यालय पर जमा करना होगा। विहिप प्रांत उपाध्यक्ष सुनील पाराशर ने बताया कि 15 से 21 जनवरी तक ब्रजप्रांत में निधि समर्पण अभियान चलना है। इसके तहत हर हिंदू परिवार से मंदिर निर्माण के लिए सहयोग जुटाया जाएगा। 10, 100 और एक हजार रुपये के कूपन के माध्यम से सहयोग लिया जाना है। वहीं बड़ी धनराशि सिर्फ चेक द्वारा या बैंक खाते में स्वीकारी जाएगी। उनका कहना था कि हम वो भाग्यशाली पीढ़ी हैं, जिसकों दशकों के संघर्ष के बाद इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने का अवसर मिला है।