बोले डिप्टी सीएम, शिवपाल को दिया नियमों के अनुसार ही बंगला
महिला सशक्तिकरण दौड़ का स्वागत करने आगरा के सैंया आए थे डिप्टी सीएम। राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत के लिए भी दिखे आश्वस्त।
आगरा [जेएनएन]: समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के संयोजक शिवपाल यादव को पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का बंगला आवंटित किये जाने के बाद छिड़ी नई चर्चा पर प्रदेश के डिप्टी सीएम ने विराम लगाने की कोशिश की है। राजमाता विजिया राजे सिंधिया के जन्म शताब्दी वर्ष पर आयोजित महिला सशक्तिक रण दौड़ के स्वागत करने डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा आगरा के सैंया में आए थे।
जागरण से हुई विशेष वार्ता में डिप्टी सीएम ने कहा कि शिवपाल यादव को नियमों के अंतर्गत ही बंगला दिया गया है। वे एक पार्टी के अध्यक्ष हैं और छह बार विधायक बन चुके हैं। उन्हीं की तरह दूसरी पार्टियों के विधायकों को भी बंगला दिया गया है।राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा की स्थिति पर डिप्टी सीएम ने भाजपा की जीत का विश्वास जताया। कहा कि राजस्थान में भाजपा की सरकार हर हाल में बनेगी। इसी तरह उत्तर प्रदेश में भी भाजपा फिर से आएगी। उत्तर प्रदेश और राजस्थान में समानता बताते हुए डिप्टी सीएम बोले की दोनों प्रदेश में आपसी समन्वय बहुत अच्छा है। उप्र के बहुत से लोग राजस्थान में और राजस्थान के बहुत से लोग उप्र में रह रहे हैं। वे खुद राजस्थान के हैं।
नकलविहीन बोर्ड परीक्षाओं के सवाल पर वे बोले की इस बार यूपी बोर्ड परीक्षा में पहले से कहीं अधिक पारदर्शिता और निष्पक्षता होगी। परीक्षाएं समय पर ही शुरू होंगी और नतीजे भी समय पर आएंगे। परीक्षा और परिणाम में किसी तरह की लापरवाही हुई तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
पूर्ण बहुमत से बने सरकार: वसुंधरा
राजस्थान से महिला सशक्तिकरण दौड़ को विदा करने सैंया पहुंची मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया भी अपनी जीत के प्रति आश्वस्त नजर आईं। उन्होंने कहा कि राजस्थान में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में भाजपा का कमल फिर से खिलेगा। उप्र का सहयोग राजस्थान को सदैव मिलता रहा है। आगे भी उप्र सरकार राजस्थान सरकार के साथ खड़ी रहेगी।