मुंबई के तट पर कार्डेलिया क्रूज में परिवार के साथ फंसी आगरा की बेटी, कई यात्री हैं संक्रमित
आगरा में रहने वाले सगे संबंधी परेशान मदद की लगाई गुहार। लोहामंडी निवासी रवि जैन की गुरुग्राम में रहने वाली बहन गई थीं नया साल मनाने। मुंबई से सवार हुए थे गोवा के सफर पर। गोवा पहुंचने पर क्रूज पर सवार 66 लोग पाए गए कोरोना वायरस संक्रमित।
आगरा, जागरण संवाददाता। गोवा से मुंबई लौटाए गए कार्डेलिया क्रूज पर आगरा की बेटी भी परिवार समेत मौजूद है, जिससे उसके सगे संबंधी यहां परेशान हैं। वह दिन भर बेटी से फोन पर संपर्क कर उसका हालचाल लेते रहे। वह बेटी की मदद के लिए प्रयासरत रहे। यह जानने का प्रयास करते रहे कि क्रूज पर मौजूद बेटी की मदद किस तरह से की जा सकती है।
लोहामंडी के रहने वाले रवि जैन की बहन बबिता जैन व बहनोई एसबी जैन गुरुग्राम में रहते हैं। रवि जैन ने बताया कि बहन और बहनोई अपने बेटे रोहित और बहू निकिता के साथ नए साल का जश्न मनाने के लिए 31 दिसंबर को मुंबई से कार्डेलिया क्रूज पर सवार हुए थे। गोवा पहुंचने के बाद क्रूज पर सवार 66 लोगों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई। संक्रमितों द्वारा गोवा के कोरोना उपचार केंद्र में भर्ती से इन्कार के बाद क्रूज को वापस मुंबई लाैटा दिया। जिसकी जानकारी दंपती ने आगरा में रहने वाले अपने सगे संबंधियों को दी। क्रूज मंगलवार को मुंबई के तट पर पहुंचा। इस दौरान यहां रहने वाले सगे संबंधी बबिता व उनके परिवार के सकुशल घर लौटने की प्रार्थना करते रहे। उल्लेखनीय है कि ये वही क्रूज है, जिस पर पिछले दिनों अभिनेता शाहरूख खान के बेटे आर्यन खान को एनसीबी की टीम ड्रग्स के आरोप में गिरफ्तार किया था।