दबंगों का दलित बरातियों पर हमला, छह घायल
बागवाला के खड़ौआ से बेबर गई थी बरात। बाइक के स्कार्पियो से टकराने पर हुआ विवाद।
आगरा(जागरण संवाददाता): एटा के बागवाला क्षेत्र के ग्राम खड़ौआ से सोमवार देर शाम दलित युवक की बरात मैनपुरी जिले के बेबर क्षेत्र में गई हुई थी। वहा बाइक के स्कार्पियो से टकरा जाने को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद दबंगों ने बरातियों पर हमला बोल दिया। जिसमें आधा दर्जन बराती घायल हो गए। घायल बरातियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सोमवार देर शाम मुन्नालाल के पुत्र कुलदीप की बरात बेबर क्षेत्र के ग्राम राजनगर निवासी राजबहादुर सिंह के यहा गई हुई थी। रात 11 बजे बरातियों की मोटरसाइकिल स्कार्पियो से टकरा गई। आरोप है कि स्कार्पियो सवार दबंगों ने बरातियों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बरातियों में भगदड़ मच गई। दबंगों द्वारा किए गए हमले में समर सिंह पुत्र छोटेलाल, आदर्श पुत्र फूल सिंह, गंगादीन पुत्र कल्लू सिंह, अमित पुत्र वासुदेव, रवि पुत्र जयपाल सिंह तथा उसका भाई विपिन कुमार घायल हो गए। जिस समय घटना हुई उस समय बरात गाव में पहुंची थी और कन्या पक्ष के लोग बरात की आवभगत में लगे हुए थे।
दबंगों द्वारा किए गए हमले की सूचना बरात में मौजूद खड़ौआ सिपाही योगेश कुमार द्वारा डायल 100 पुलिस को देनी चाही, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। घायल बराती रात में ही बेबर थाने पहुंचे। सिपाही का कहना था कि वहा उन लोगों की कोई सुनवाई नहीं हुई। उन लोगों के पहुंचने के बाद ही आरोपी पक्ष के लोग भी थाने पहुंच गए। वर पक्ष के लोगों और रिश्तेदारों को छोड़कर अधिकाश बराती चले आए। हमले में घायल समर सिंह और आदर्श को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बेबर के थाना प्रभारी श्याम सिंह से जब पीड़ित बरातियों की पुलिस द्वारा सुनवाई न करने के संबंध में जानकारी की तो उनका कहना था कि बरातियों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।