Move to Jagran APP

अर्धसैनिक बल के जवान की पत्नी को लोन के लिए एप्लाई करना पड़ा भारी, ठगी गई 5.90 लाख से

साइबर शातिरों ने किस्त में ठगे 5.90 लाख रुपए पुलिस नहीं कर रही कार्यवाही। मैनपुरी की रहने वाले अर्धसैनिक बल के जवान की पत्नी हुई धोखाधड़ी। रेंज साइबर थाने और जिला साइबर सेल के बीच घनचक्कर बनी पीड़िता।

By Tanu GuptaEdited By: Published: Wed, 05 Jan 2022 02:06 PM (IST)Updated: Wed, 05 Jan 2022 02:06 PM (IST)
अर्धसैनिक बल के जवान की पत्नी को लोन के लिए एप्लाई करना पड़ा भारी, ठगी गई 5.90 लाख से
महिला से साइबर शातिरों ने किस्त में ठगे 5.90 लाख रुपए।

आगरा, जागरण संवाददाता। साइबर शातिरों ने अर्ध सैनिक बल की जवान की पत्नी से किस्त में 5.90 लाख रुपए ठग लिए। अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चलने पर पीड़िता ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई के लिए साइबर सेल में शिकायत की। वहां पर कार्रवाई न होने पर रेंज साइबर थाने पहुंची लेकिन वहां भी उसकी सुनवाई नहीं हुई। उसे कार्रवाई के लिए संबंधित जिले भेज दिया गया। लगभग छह लाख रुपए गंवाने के बाद पीड़िता रेंज साइबर थाने और जिला साइबर सेल के बीच घनचक्कर बनी हुई है।

loksabha election banner

मामला मैनपुरी के पोस्ट जागीर की रहने वाली रूबी पत्नी अनिल कुमार का है। रूबी के पति अर्ध सैनिक बल में जवान हैं। रूबी के अनुसार जुलाई 2021 में उनके मोबाइल पर एक फोन आया। उसने अपना नाम संजीव और खुद को फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताया। उन्हें सस्ती ब्याज दर पर ऋण दिलाने का लालच देकर अपने जाल में फांस लिया। रूबी के अनुसार उन्होंने मकान आदि की जरूरत के लिए 40 लाख रुपए के ऋण के लिए आवेदन किया।

खुद को फाइनेंसी कंपनी का कर्मचारी बताने वाले संजीव ने फाइल चार्ज के रूप में उनसे चार हजार रुपए अपने खाते में जमा करा लिए। इसके बाद वह धीरे-धीरे कर विविध शुल्क के रूप में 10 से 50 हजार रुपए तक जमा कराता रहा। इस तरह नवंबर के तीसरे सप्ताह तक 5.90 लाख रुपए जमा करा लिए। इसके बावजूद उसने ऋण नहीं कराया तो शक हो गया। रूबी ने फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से अपनी रकम लौटाने की कहा तो उसने अपना मोबाइल बंद कर लिया।

रूबी के अनुसार उन्होंने मैनपुरी साइबर सेल में अपने साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत की। एक महीने से वह सेल के चक्कर काट रही है। वहां पर कार्रवाई न होने पर वह पांच दिन पहले रेंज साइबर थाने में शिकायत करने आईं। यहां पर भी उनकी सुनवाई नहीं हुई। उन्हें मायूस लौटना पड़ा।

रेंज साइबर थाने में एक लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी के मामले होते हैं दर्ज

रेंज साइबर थाने में एक लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी के मुकदमे दर्ज होते हैं। मैनपुरी की पीड़िता इसी जानकारी के आधार पर यहां अपनी कार्रवाई के लिए आई थी।

जिले वाले बोले चुनाव के बाद होगी कार्रवाई

पीड़िता रूबी ने बताया कि मैनपुरी जिले की साइबर सेल वालों का कहना है कि अब चुनाव के बाद उसके मामले में कार्रवाई होगी। उसे हर बार बहाना बनाकर वहां टाल दिया जाता है। अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.