सुनार के परखने के बाद चेन लूटते थे बदमाश, पुलिस ने दो किए गिरफ्तार
जेल से छूटने के बाद बनाया गिरोह 40 दिन में लूटीं 12 चेन पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत दो को किया गिरफ्तार
By Edited By: Published: Mon, 22 Apr 2019 08:00 AM (IST)Updated: Mon, 22 Apr 2019 08:01 AM (IST)
आगरा, जागरण संवाददाता। महिलाओं में आर्टिफिशियल ज्वैलरी के बढ़ते चलन से अब लुटेरे सतर्क हो गए हैं। लुटेरों ने अपने गिरोह के सुनार को शामिल कर लिया। टोली के आगे चलने वाले सुनार के परखने के बाद ही लुटेरे महिलाओं की चेन लूटते थे। जगदीशपुरा पुलिस ने दो लुटेरों को गिरफ्तार कर पूछताछ की तब ये चौंकाने वाला तथ्य सामने आया। अब पुलिस फरार लुटेरों और सुनार की तलाश कर रही है। जगदीशपुरा के गढ़ी भदौरिया में पिछले दिनों पैदल जा रही नेहा अग्रवाल से बाइक सवार लुटेरों ने सोने की चेन लूट ली थी। घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में लुटेरों की तस्वीर मिल गई। इसके आधार पर पुलिस ने सिकंदरा के दहतोरा निवासी चंद्रकांत उर्फ कांता और बिचपुरी निवासी दिलीप को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी प्रशांत वर्मा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि गिरोह का सरगना कांता है। वह चांदी लूट में शाहगंज थाने से जेल भेजा गया था। चार माह जेल में रहने के बाद 40 दिन पहले वह रिहा हुआ। पहले वह जेल में बंद दीपा के गिरोह में था। जेल से छूटने के बाद उसने अपना अलग गिरोह बना लिया। आर्टिफिशियल ज्वैलरी और सोने में पहचान के लिए उन्होंने बोदला निवासी सुनार मूलचंद्र को साथ रख लिया था। वह स्कूटी से लुटेरों के साथ बैठकर आगे चलता था। महिला के गले पर नजर करके वह देख लेता था कि चेन सोने की है या नहीं। उसका इशारा मिलने के बाद ही पीछे चल रहा चंद्रकांत चेन लूट लेता था। रवि तेज रफ्तार में बाइक चला लेता है। इसलिए उसी के पीछे चंद्रकांत बैठकर लूट करता था। चंद्रकांत ने पूछताछ में बताया कि वह 40 दिन में 12 चेन लूट चुका है। छह घटनाओं के उसे स्थल याद हैं, अन्य घटनास्थल याद नही हैं। पुलिस ने शातिरों से चार सोने की चेन बरामद कर ली हैं। इनमें से दो जगदीशपुरा क्षेत्र से लूटी गई थीं। जबकि एक-एक चेन सिकंदरा और हरीपर्वत से लूटी थीं। लुटेरों को गिरफ्तार करने वाली टीम में इंस्पेक्टर जगदीशपुरा प्रवेश कुमार, एसआइ हेमेंद्र सिंह, मोहित सिंह और सुधीर राठी शामिल रहे। कीमत का 25 फीसद भुगतान करता था सर्राफ लुटेरे लूटी गई चेन फव्वारा पर लोकेश की दुकान पर बेचते थे। उनके मुताबिक, सोने की चेन की कीमत का 25 फीसद उन्हें सर्राफ भुगतान करता था। अब पुलिस सर्राफ की भी तलाश कर रही है। ये हैं फरार जगदीशपुरा के बोदला निवासी रवि, मूलचंद्र, मथुरा के फरह निवासी विनय, कोतवाली के फव्वारा निवासी लोकेश उर्फ लक्की
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें