आगरा में सुबह-सुबह एनकाउंटर, गोली लगने के बाद कुख्यात सनी देओल गिरफ्तार
एत्माद्दौला के कालिंदी विहार में युवक की हत्या में था शामिल बदमाश। उसके कब्जे से एक बाइक और तमंचा बरामद हुआ है। एक साथी मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
आगरा, जागरण संवाददाता। एत्माद्दौला के कालिंदी विहार में युवक की गोली मारकर हत्या के आरोपित से शनिवार सुबह पुलिस का आमना-सामना हो गया। मुठभेड़ में चंद्रसेन उर्फ सनी देओल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक बाइक और तमंचा बरामद हुआ है। एक साथी मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस दबिश दे रही है।
एत्माद्दौला के कालिंदी विहार के पास रहने वाले शिवम यादव की शुक्रवार शाम को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। स्वजन ने चंद्रसेन, सोनू जाट समेत अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी को रातभर दबिश दे रही थी। शनिवार तड़के पुलिस को सूचना मिली कि कालिंदी विहार निवासी चंद्रसेन और सोनू जाट बाइक से कहीं जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपितों की एत्माद्दौला क्षेत्र में घेराबंदी की तो वे बाइक लेकर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा शुरू कर दिया। आगे जाकर घेराबंदी कर ली। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में चंद्रसेन के पैर में गोली लग गई। वह गिर पड़ा और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। चंद्रसेन का साथी मौके से फरार हेा गया। पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती करा दिया। उसके साथी की गिरफ्तारी को पुलिस संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि हत्या में शामिल एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की गिरफ्तारी को टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।