आगरा में मानसिक स्वास्थ्य संस्थान के पीछे झाड़ियों में गोकशी, पथराव कर भागे गोकश
हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता रात में ही पहुंच गए थे मौके पर। गोकशी करते लोग पथराव करके भागे मौके पर गोवंश कटा मिला। कार्यकर्ताओं की सूचना पर पहुंची पुलिस। दो थानों के बीच सीमा विवाद में उलझा मामला।
आगरा, जागरण संवाददाता। मानसिक स्वास्थ्य संस्थान के पीछे झाड़ियों में रविवार की आधी रात को गोकशों ने गोवंश को काट दिया। सूचना पर हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। गोकश उन पर ईंट और पत्थर फेंक कर भाग निकले। कार्यकर्ताओं की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। मगर, मामला हरीपर्वत और जगदीशपुरा के बीच सीमा विवाद में उलझ गया। वहीं गोकशी से आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया।
मानसिक स्वास्थ्य संस्थान के पीछे झाड़ियों से बिल्लोचपुरा का इलाका लगता है। यहां पर दो थानों की सीमा लगती है। इसे गोकश भी बखूबी जानते हैं। इसलिए यहां पर पहले भी गोकशी की घटनाएं हो चुकी हैं। रविवार की आधी रात को हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं को झाड़ियों में गोकशी की सूचना मिली। कार्यकर्ता एकत्रित होकर वहां पहुंच गए। झाड़ियों में मौजूद युवक उन पर पथराव करके वहां से भाग निकले। कार्यकर्ताओं ने गोकशों का पीछा भी किया लेकिन वह हाथ नहीं आए। पास की बस्ती में जाकर गुम हो गए।
कार्यकर्ताओं ने पुलिस और अपने संगठन के लोगों के अन्य सदस्यों काे इसकी सूचना दे दी। यूपी 112 की गाड़ी और थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारी संजय जाट ने बताया कि झाड़ियो में गोवंश कटा हुआ मिला। इससे कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस थानों की सीमा विवाद में उलझ गई। हरीपर्वत पुलिस का कहना था कि घटनास्थल जगदीशपुरा में आता है। वहीं जगदीशपुरा पुलिस का कहना था कि घटनास्थल हरीपर्वत में आता है। हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता रात तीन बजे तक वहां जुटे रहे।