आगरा में देश का पहला फाइव ए साइड हॉकी एस्ट्रोटर्फ
आगरा: ताजनगरी को देश के पहले फाइव ए साइड हॉकी एस्ट्रोटर्फ का तोहफा मिला है।
आगरा: ताजनगरी को देश के पहले फाइव ए साइड हॉकी एस्ट्रोटर्फ का तोहफा मिला है। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेलमंत्री चेतन चौहान ने शनिवार को इसका लोकार्पण किया। अब आगरा में अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबले आयोजित किए जा सकेंगे।
स्टेडियम के हॉकी मैदान में 6.26 करोड़ की लागत से एस्ट्रोटर्फ बनाया गया है। देश में यह पहला एस्ट्रोटर्फ है, जिसे फाइव-ए-साइड हॉकी को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। दो साल पूर्व इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन (आइएचएफ) फाइव-ए-साइड को विश्वस्तरीय मान्यता दे चुका है। खेलमंत्री ने कहा कि इससे यूथ ओलंपिक की तैयारी में जुटी खिलाड़ियों को मदद मिलेगी। खेल निदेशक आरपी सिंह ने कहा कि देश का पहला फाइव-ए-साइड हॉकी एस्ट्रोटर्फ आगरा में बनना गर्व की बात है। सांसद और एससी आयोग के अध्यक्ष प्रो. रामशंकर कठेरिया, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी जगवीर सिंह, पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह, क्रीड़ा भारती के बृज प्रांत अध्यक्ष डॉ. सत्यदेव पचौरी, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मोहित शर्मा आदि मौजूद रहे। ये है फाइव-ए-साइड का प्रारूप
फाइव ए साइड में मैदान का आकार 38.5 गुणा 22.5 मीटर होता है। इसमें 30 मिनट का मैच तीन हिस्सों में होता है। तीन-तीन मिनट के ब्रेक होते हैं। पारंपरिक हॉकी से अलग इसमें मैदान के किसी भी हिस्से से गोल किया जा सकता है। टीम में नौ खिलाड़ी होते हैं, जिसमें से पाच खिलाड़ियों का फील्ड पर होना जरूरी होता है। यूथ ओलंपिक में मिलेगा फायदा
ओलंपियन जगवीर सिंह ने कहा कि इस एस्ट्रोटर्फ से अक्टूबर में अर्जेटीना में होने वाले यूथ ओलंपिक खेलों की तैयारी में लाभ मिलेगा। अब अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबले एस्ट्रोटर्फ पर ही खेले जाते हैं। स्टेडियम में लगेगी एकलव्य की भव्य प्रतिमा
सांसद रामशंकर कठेरिया ने स्टेडियम में एकलव्य की प्रतिमा न होने की मांग खेलमंत्री चेतन चौहान के समक्ष रखी। खेलमंत्री ने एकलव्य की भव्य प्रतिमा लगाने की घोषणा की। जल्द ही इसका निर्माण शुरू होगा।