आगरा में हर पांच मिनट में अब एक व्यक्ति को अपनी चपेट में ले रहा है कोरोना वायरस, कल से होगा अभियान शुरू
आगरा में पिछले छह दिनों से हर दिन 100 से अधिक मरीजों की हो रही पुष्टि। अगर यही हाल रहा तो आने वाले तीन से चार दिनों के भीतर हर एक मिनट में एक मरीज कोविड-19 का शिकार होगा। डीएम बोले मास्क पहनना जरूरी शनिवार से चलेगा संयुक्त अभियान।
आगरा, जागरण संवाददाता। कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने जिला प्रशासन के इंतजामों को धराशाई कर दिया है। हर पांच मिनट में एक व्यक्ति को कोविड-19 पुष्टि हो रही है। अगर यही हाल रहा तो आने वाले तीन से चार दिनों के भीतर हर एक मिनट में एक मरीज कोविड-19 का शिकार होगा। इससे जिला प्रशासन की मुश्किलें और भी बढ़ जाएंगी।
कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन शनिवार से संयुक्त अभियान शुरू करने जा रहा है। यह अभियान सरकारी कार्यालयों से लेकर बाजारों तक में चलेगा। बिना मास्क और दो गज की शारीरिक दूरी का पालन न करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई की। पिछले छह दिनों में हर दिन 100 से अधिक मरीजों को कोविड की पुष्टि हुई है।
आज 300 के पार जा सकती है संख्या
जिस तरीके से कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ रही है, उसे देखते हुए तो यही लगता है कि शुक्रवार को मरीजों की संख्या 300 के पार पहुंच जाएगी।
आज होने जा रही है अहम बैठक
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को बाजार कमेटियों के साथ अहम बैठक होने जा रही है। डीएम ने बताया कि कमेटियों के पदाधिकारियों को आगामी दिशा निर्देश के बारे में अवगत कराया जाएगा। बिना मास्क के दुकानों में बैठने वाले दुकानदारों पर ना सिर्फ जुर्माना लगेगा बल्कि 48 घंटे के लिए दुकानों को भी बंद कराया जाएगा।
यह है मरीजों की संख्या
15 अप्रैल, 295
14 अप्रैल, 242
13 अप्रैल, 197
12 अप्रैल, 130
11 अप्रैल, 119
10 अप्रैल, 102
9 अप्रैल, 67