वृंदावन में सिपाही ने युवक की गोली मारकर की हत्या, उलझी गुत्थी
नोएडा में तैनात सिपाही इटावा का है मूल निवासी। दोस्तों के साथ होली खेलने गया था युवक। नहीं सामने आई विवाद की वजह।
आगरा, जेएनएन। मथुरा के बिरला मंदिर चौकी क्षेत्र में कृष्णापुरम निवासी दूरदर्शनकर्मी केवल राम शर्मा के 22 वर्षीय युवक रजत की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि हत्या पुलिसकर्मी ने की है। घटना पागल बाबा मंदिर के निकट मांट रोड तिराहे की है। मौके पर मौजूद लोगों ने हत्यारे पुलिसकर्मी रोहित को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। रजत को नयति ले जाया गया था। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसपी सिटी व सीओ आदि अधिकारी अस्पताल पहुंच गए। घटना के कारणों का कुछ भी पता नहीं चल सका है। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी रोहित इटावा का मूल निवासी है और वर्तमान में नोएडा में तैनात था। वह पहले मथुरा में ही रहता था। उसे हत्या में प्रयुक्त पिस्टल के साथ पकड़ा गया है। उसने गोली क्यों चलाई, इसका कोई पता नहीं चल पाया है। मृतक के परिजनों के अनुसार रजत अपने कुछ दोस्तों के साथ दो मोटर साइकिलों पर होली खेलने गया था। पुलिसकर्मी से उसका झगड़ा क्यों हुआ इसकी कोई जानकारी नहीं है।