मोदी सरकार के वादे अधूरे, कांग्रेस खोल रही जनता के बीच जाकर योजनाओं की पोल
राहुल गांधी संदेश यात्रा ने किया शहर में भ्रमण। तीन राज्यों में जीत का भी मनाया जश्न।
आगरा, जागरण संवाददाता। तीन राज्यों में जीत के बाद कांग्रेसी फूले नहीं समा रहे। आगामी चुनाव के लिए कांग्रेस ने कमर कसना शुरू कर दिया है। इसके लिए राहुल गांधी संदेश यात्रा निकाली जा रही है। जीत के जश्न के साथ मोदी सरकार की योजनाओं की भी जनता के बीच जाकर कांग्रेसी पोल खोल रहे हैं। कांग्रेस का कहना है कि मोदी सरकार द्वारा किए गए वादे पूरे नहीं किए गए।
राहुल गांधी संदेश यात्रा ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रविवार को भ्रमण किया। कांग्रेसियों ने उसका कार्यालय पर स्वागत किया। संदेश यात्रा सोमवार को हाथरस के लिए रवाना हो गई। कलक्ट्रेट स्थित शहर कांग्रेस के कार्यालय पर यात्रा के संयोजक बाबुल सिंह ने बताया कि देश में लोकतांत्रिक संस्थाएं सुरक्षित नहीं हैं। मोदी सरकार द्वारा किए गए वादे अधूरे हैं। यात्रा का उद्देश्य प्रदेशवासियों को भाजपा सरकार द्वारा किए गए झूठे वादों और राहुल गांधी द्वारा अकेले ही देश के नौजवानों के लिए लड़ी जा रही लड़ाई से युवाओं को अवगत कराना है। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा गया। जिलाध्यक्ष दुष्यंत शर्मा, शहर अध्यक्ष हाजी अबरार हुसैन, कार्यवाहक शहर अध्यक्ष हाजी जमीलुद्दीन कुरैशी, प्रताप सिंह बघेल, विष्णु दत्त शर्मा, भारत भूषण गप्पी, राम टंडन, यशपाल राना, अनवर सिद्दीकी, नदीम नूर, अदनान कुरैशी आदि मौजूद रहे।