शिवराज सिंह चौहान के उपवास से भी नहीं धुलेगा पाप: कांग्रेस
कांग्रेस ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह किसानों से बात करने के बजाय भोपाल में उपवास पर बैठ गए।
आगरा (जागरण संवाददाता)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया कोर कमेटी के सदस्य शिव शंकर मुदगल एडवोकेट ने शनिवार को आगरा मंडल में पार्टी के सदस्यता अभियान की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अधिक सदस्य बनाने वाले कार्यकर्ताओं को कांग्रेस तवज्जो देगी। उन्होंने मध्य प्रदेश में आंदोलनकारी किसानों पर गोली चलवाने के लिए शिवराज सरकार की निंदा की।
पार्टी के जिला कार्यालय पर बैठक करते हुए उन्होंने आगरा मंडल के सभी जिलों में सदस्यता अभियान की समीक्षा की। कहा कि देश-प्रदेश में कांग्रेस की हालत से कार्यकर्ताओं को निराश होने की जरूरत नहीं। सोशल मीडिया का जमाना है। कांग्रेसी अधिक से अधिक इसका प्रयोग करे।
केंद्र सरकार की विफलताओं को वह सोशल मीडिया के जरिए फैलाएं। उन्होंने कहा कि अब पीसीसी और एआइसीसी सदस्य ऊपर से नहीं थोपे जाएंगे। कार्यकर्ताओं से राय-मशविरे के बाद ही ये सदस्य नामित होंगे। मुदगल ने कहा कि मध्य प्रदेश में किसान सरकार से अपना हक मांग रहे हैं और बीजेपी सरकार उन पर गोली चलवा रही है। किसानों की मांगें मान ली जातीं तो आंदोलन उग्र नहीं होता।
यह भी पढ़ें: यूपी बोर्ड रिजल्ट ने कुछ यूं गड़बड़ा दिया लैपटॉप का गणित
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह किसानों से बात करने के बजाय भोपाल में उपवास पर बैठ गए। उपवास पर बैठने से उनका पाप नहीं धुलेगा। किसानों का ऋण माफ करना होगा। संगठनात्मक चुनावों के प्रभारी मोहम्मद ताज ने कहा कि मेहनती कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का मौका कांग्रेस देगी।