आगरा में कांग्रेस ने खाद व बीज की किल्लत पर जताया विरोध
हिंदुओं के प्रमुख त्योहार दीपावली पर किसान खेत की बुआई के लिए तैयार है लेकिन सरकार किसानों को खाद व बीज तक उपलब्ध नहीं करा पा रही। सुबह से शाम तक किसान लाइन में लगे रहते हैं फिर भी उन्हें निराश होकर लौटना पड़ता है।
आगरा, जागरण संवाददाता। खाद व बीज की बढ़ती किल्लत से किसान परेशान है। उनकी समस्या को लेकर जिला व शहर कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन जिलाध्यक्ष मीनू सिंह राघव के निर्देशन में हुआ। उनका कहना था कि प्रदेश सरकार नाकारा है। हिंदुओं के प्रमुख त्योहार दीपावली पर किसान खेत की बुआई के लिए तैयार है लेकिन सरकार किसानों को खाद व बीज तक उपलब्ध नहीं करा पा रही। सुबह से शाम तक किसान लाइन में लगे रहते हैं, फिर भी उन्हें निराश होकर लौटना पड़ता है। शहर अध्यक्ष देवेंद्र कुमार चिल्लू का कहना था कि केंद्र व प्रदेश सरकार किसान विरोध है। किसान अपनी आवाज उठाता है, तो उसे लाठी के दम पर दबाने का काम किया जाता है। इसका उदाहरण तीन काले कानून है। अब जनता जाग चुकी है और हिमाचल प्रदेश में इसकी शुरूआत हो चुकी है। प्रदर्शन में दुष्यंत शर्मा, हाजी जमील, केदार सिंह चाहर, नंदलाल भारती, हेमंत वारसी, विनोद जरारी, सुरेश चंद्र शर्मा, अदनान कुरैशी, शिल्पा दीक्षित, ओमहरि आनंद आदि मौजूद रहे।