कांग्रेसियों को पुलिस ने हिरासत में लिया
अधूरे वादे याद दिलाने जाते समय भगवान टॉकीज चौराहे पर रोका, वहीं सौंपा ज्ञापन, मंटोला में युवा कांग्रेसियों ने उड़ाए गो बैक लिखे गुब्बारे
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा की जनता से किए पुराने वादे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को याद दिलाने जा रहे कांग्रेसियों पर प्रशासन ने सख्ती बरती। भगवान टॉकीज चौराहे से उन्हें रोक कर हिरासत में ले लिया। वहीं युवा कांग्रेस ने मंटोला में मोदी गो बैक लिखे काले गुब्बारे छोड़े।
शहर कांग्रेस के अध्यक्ष हाजी अबरार हुसैन के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पुराने वादे याद दिलाने को कांग्रेसियों ने न्यू आगरा कार्यालय से दोपहर दो बजे कोठी मीना बाजार मैदान के लिए कूच किया। काले झंडे लेकर चल रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने भगवान टॉकीज चौराहे पर की गई बैरीकेडिंग पर रोक लिया। पुलिस व कांग्रेसियों के बीच नोकझोंक हुई। पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इसके बाद उन्होंने वहीं प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। प्रदेश महामंत्री शब्बीर अब्बास, अश्वनी जैन, डॉ. मधुरिमा शर्मा, चौ. बच्चू सिंह, परवाज अंजुम शाह, राघवेंद्र उपाध्याय, गीता सिंह अरविंद दौनेरिया आदि मौजूद रहे।
उधर, युवा कांग्रेसियों ने मंटोला तिराहे से मोदी वापस जाओ, हमें बेवकूफ मत बनाओ के नारे लिखी तख्तियां लेकर कोठी मीना बाजार मैदान जाने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें मदीना तिराहे पर रोक लिया। झड़प के बाद युवा कांग्रेसियों ने मोदी गो बैक लिखे काले गुब्बारे छोड़कर विरोध जताया। इसके बाद उन्हें ढोलीखार में ही नजरबंद कर दिया गया। युवा कांग्रेस के आगरा के अध्यक्ष नदीम नूर, सुगम शिवहरे, अजय वाल्मीकि, अदनान कुरैशी, प्रेमपाल, यासीन सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।
उपवास कर जताया विरोध
जयपुर हाउस स्थित जिला कार्यालय पर प्रधानमंत्री से मुलाकात का समय उपलब्ध नहीं कराने पर उपवास रखकर कांग्रेसियों ने विरोध जताया। जिलाध्यक्ष दुष्यंत शर्मा ने कहा कि पांच वर्ष बीतने को हैं, लेकिन पुरानी घोषणाओं पर कोई कार्य नहीं हुआ। इस दौरान कार्यवाहक शहर अध्यक्ष हाजी जमीलुद्दीन कुरैशी, राम टंडन, भारत भूषण गप्पी, गोपाल गुरु, अनवार सिद्दीकी, प्रताप सिंह बघेल, तजेंद्र राजौरा, संजय तिवारी आदि मौजूद रहे।
टूट गई शहर की आशा
कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने कहा कि आगरा की जनता ने एक बार फिर स्वयं को ठगा महसूस किया है। पांच वर्ष पूर्व किए गए वादों को लेकर शहर की जनता को आशा थी, लेकिन वो आज पूरी तरह टूट गई। आगरा के पेठा और पर्यटन उद्योग का नाम तो उन्होंने लिया, लेकिन इनका विकास कैसे होगा, इस पर कुछ भी स्पष्ट नहीं है। रालोद पदाधिकारी गिरफ्तार, चार घंटे के बाद छोड़ा
आगरा: पीएम का विरोध जताने और काला दिवस मनाने सड़कों पर निकले रालोद नेताओं को पुलिस ने रोक लिया। दयालबाग और दीवानी से हिरासत में लिए कार्यकर्ताओं को चार घंटे बाद मोदी की जनसभा समाप्त हो जाने पर छोड़ा गया।
रालोद जिलाध्यक्ष डॉ. मालती चौधरी व महानगर अध्यक्ष दुर्गेश शुक्ला के नेतृत्व में कार्यकर्ता काली पट्टी बांधकर दीवानी पहुंचे। उन्होंने कोठी मीना बाजार की ओर बढ़ने का प्रयास किया तो पुलिस ने रोक लिया और थाना न्यू आगरा ले आई। वहीं दयालबाग से वरिष्ठ नेता चौ. रामवीर सिंह के नेतृत्व में आ रहे कार्यकर्ताओं को भगवान टाकीज से पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया। प्रदेश प्रवक्ता कप्तान सिंह चाहर, मंडलाध्यक्ष नरेंद्र बघेल, चौ. नेमसिंह, मानव चौधरी, दुर्गेश बघेल, रूप सिंह, रूपेश चौधरी, बच्चू सिंह, दिलीप सिंह, नेपाल सिंह राना, मांगे लाल, आकाश शर्मा, अशोक सिंह, भरत सिंह, धर्मेद्र बघेल, हरी दास, आमिर शेख, नूर मोहम्मद, अर्जुन सिंह आदि मौजूद रहे।