महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन
पुलिस ने कलक्ट्रेट जाने से पहले ही रोका नोक-झोंक हुई विरोध को बांधी आंखों पर काली पट्टी तांगा व रिक्शा चलाया
आगरा, जागरण संवाददाता। खाद्य पदार्थों, घरेलू गैस सिलेंडर, पेट्रोल व डीजल मूल्य में वृद्धि के कारण कांग्रेस ने सोमवार को केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। आंखों पर काली पट्टी बांधकर, रिक्शा व तांगा चलाकर उन्होंने विरोध जताया।
कांग्रेसी प्रतापपुरा चौराहा से प्रदर्शन करते हुए कलक्ट्रेट तक जाना चाहते थे, लेकिन पुलिस-प्रशासन ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया। इस पर तीखी नोकझोंक भी हुई। पुलिस-प्रशासन ने उनसे वहीं ज्ञापन ले लिया।
प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जिला व शहर कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को संयुक्त प्रदर्शन किया। सुबह 11 बजे प्रतापपुरा चौराहा स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर कांग्रेसी एकत्र हुए। केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कलक्ट्रेट की ओर बढ़ते कांग्रेसियों को पुलिस-प्रशासन ने प्रतापपुरा चौराहा स्थित पेट्रोल पंप पर ही रोक लिया। इस दौरान उनकी पुलिस-प्रशासन से नोक झोंक भी हुई। इस पर कांग्रेसी वहां धरने पर बैठ गए। पुलिस ने उन्हें रोड से हटाकर साइड में कराया। घरेलू गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल के मूल्य में की गई वृद्धि को अविलंब वापस लेने की मांग की गई। राष्ट्रपति को नामित ज्ञापन एसीएम चतुर्थ विनोद कुमार को सौंपा गया। जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह मीनू ने कहा कि केंद्र सरकार ने जमाखोरी व कालाबाजारी से निबटने वाले आवश्यक वस्तु अधिनियम को समाप्त कर उद्योगपतियों को जनता को लूटने का खुला लाइसेंस दे दिया है। शहर अध्यक्ष देवेंद्र कुमार चिल्लू ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार आम जनता को धर्म, हिदू-मुस्लिम, नकली राष्ट्रवाद की अफीम का नशा पिलाकर लूटने में लगी है। जनता को सिर्फ सुरसा की भांति बढ़ रही महंगाई, बेरोजगारी से छुटकारा चाहिए। प्रदर्शन में यह हुए शामिल
कांग्रेस के पश्चिमी उप्र व्यापार प्रकोष्ठ के चेयरमैन विनोद बंसल, अशोक शर्मा, डा. मधुरिमा शर्मा, यशपाल राणा, अजहर वारसी, विलाल अहमद, नंदलाल भारती, सीएम पाराशर, विनोद जरारी, गीता सिंह, आइडी श्रीवास्तव, शिल्पा दीक्षित, अदनान कुरैशी, अनुज शिवहरे, अनिल शर्मा, अनिल बिधौलिया, चौधरी बच्चू सिंह, चंद्रमोहन जैन, प्रदीप जैन, रेखा रानी, लज्जाराम, डालचंद, जितेंद्र, डा. राशिद चौधरी, कुलदीप भारद्वाज आदि प्रदर्शन में शामिल हुए।