Bharat Bandh in Agra: ज्ञापन देने तक सिमट गया आगरा में कांग्रेस का प्रदर्शन
Bharat Bandh in Agra कलक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन की बजाय ज्ञापन पढ़कर सुनाया। प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के निर्देशों पर पार्टी ने धरना-प्रदर्शन का एलान किया था। पार्टी कार्यकर्ता सुबह 11 बजे सुभाष पार्क पर एकत्र होना शुरू हुए।
आगरा, जागरण संवाददाता। किसानों के भारत बन्द को समर्थन देने वाली कांग्रेस का प्रदर्शन ज्ञापन सौंपने तक सिमटकर रह गया। कांग्रेसियों ने एक दिन पूर्व कलक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन की बात कही थी। उनका प्रदर्शन कलक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन पढ़कर सौंपने तक पांच मिनट में निबट गया।
प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के निर्देशों पर पार्टी ने धरना-प्रदर्शन का एलान किया था। पार्टी कार्यकर्ता सुबह 11 बजे सुभाष पार्क पर एकत्र होना शुरू हुए। यहां पुलिस तैनात थी। दोपहर 12 बजे के कडीब उन्होंने कलक्ट्रेट को कूच किया। कलक्ट्रेट पहुंचकर कांग्रेसी गेट पर बैठ गए। यहां उन्होंने राष्ट्रपति को नामित ज्ञापन एसीएम को सौंपा। इसमें तीनों कृषि विधेयकों को रद करने को संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की। शहर अध्यक्ष देवेंद्र कुमार चिल्लू ने कहा कि कृषि कानून काले कानून हैं। भाजपा ने इन्हें अपने उद्योगपति मित्रों के हित में बनाया है। प्रदर्शन में डॉ मधुरिमा शर्मा, नंदलाल भारती, शरीफ कुरैशी, अरविंद दौनेरिया, कपिल गौतम, अदनान कुरैशी, अपूर्व शर्मा, आदि मौजूद रहे।
उधर, किसानों के समर्थन में राहुल प्रियंका गांधी सेना कांग्रेस ने भी कलक्ट्रेट में एसीएम को ज्ञापन सौंपा। प्रदेश उपाध्यक्ष हाजी जमीलुद्दीन कुरैशी, नदीम नूर मौजूद रहे। सेना ने भी कलक्ट्रेट के घेराव का एलान किया था, लेकिन वो भी ज्ञापन तक सीमित रहे।