गठबंधन करें या ठगबंधन, विपक्ष का युग खत्म : केशव मौर्य
उन्होंने बसपा मुखिया मायावती को वोट बेचकर नोट एकत्र करने वाली बताते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को भी राजनीति के लिए अयोग्य बताया।
आगरा (जेएनएन)। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षी दलों के बीच गठबंधन होने के कयास पर कड़ा वार किया। उनका कहना था कि गठबंधन करें या ठगबंधन, विपक्ष का युग खत्म हो चुका है। 2019 में केंद्र में भाजपा की सरकार बनना तय है। उन्होंने बसपा मुखिया मायावती को वोट बेचकर नोट एकत्र करने वाली बताते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को भी राजनीति के लिए अयोग्य बताया।
मौर्य ने सर्किट हाउस में सोमवार शाम मंडल की 104 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण व 172 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। पत्रकारों से वार्ता में उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र में सरकार बनना तय बताया। उन्होंने मायावती के कांग्रेस पर पहले रहम बरतने और अब आरोप लगाने के सवाल पर कहा कि वह सब वोटों के लिए जनता को गुमराह कर रहे हैं। वह गठबंधन करें, ठगबंधन या महागठबंधन।
भाजपा को प्रदेश में नहीं रोक सकते। भाजपा बूथ स्तर तक मजबूत है और सर्व समाज का समर्थन मिल रहा है। सपा सरकार पहले केंद्र की विकासपरक योजनाओं में बाधक थी, अब प्रदेश में तेजी से विकास हो रहा है। एससी-एसटी एक्ट में संशोधन के विरोध पर उनका कहना था कि यह सब विरोधियों की चाल है, हम किसी निर्दोष का उत्पीडऩ नहीं होने देंगे। मथुरा में रिकवरी का आदेश इसका प्रमाण है।
केशव ने सम्मानित किए स्वच्छता के प्रहरी : उप मुख्यमंत्री केशन प्रसाद मौर्य ने सर्किट हाउस में दैनिक जागरण के मेरा भारत स्वच्छ अभियान के तहत 20 स्वच्छता के प्रहरियों को सम्मानित किया। कहा कि जागरण ने स्वच्छता की दिशा में एक सराहनीय पहल की है।