UP Weather 2018: ताजनगरी बनी शिमला, जानिये अभी और क्या सितम ढायेगा मौसम
शनिवार को आगरा प्रदेश का तीसरा सबसे ठंडा शहर रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री नीचे चला गया।
आगरा, जागरण संवाददाता। शिमला सही सर्दी पड़ रही है, ऐसे में गलन ने लोगों को बेहाल कर दिया है। शनिवार को आगरा प्रदेश का तीसरा सबसे ठंडा शहर रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री नीचे चला गया। शाम होते ही सर्द हवा तेज हो गईं। मौसम विभाग ने सुबह घना कोहरा छाए रहने के साथ तापमान में गिरावट की आशंका व्यक्त की है।
तापमान में गिरावट और नमी से गलन भरी सर्दी पड़ रही है। ऐसे में सुबह कोहरा छाए रहने से लोग ठिठुरते रहे, शीतलहर में कुछ देर के लिए धुंध में धूप छिपी रही। रात में लोग घरों से बाहर निकलने से बचते रहे। न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 3.6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 21.7 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे कम तापमान 0.4 डिग्री मुजफ्फरनगर का रिकॉर्ड किया गया। दूसरे नंबर पर आगरा रहा।
अस्थमा और हृदय रोगियों के लिए घातक
तापमान में गिरावट अस्थमा और हृदय रोगियों के लिए घातक है। इस मौसम में अस्थमा और क्रॉनिक ऑब्सट्रेक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी) के मरीजों को अटैक पड़ सकता है। इस मौसम में ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है, हृदय रोगियों को हार्ट अटैक पडऩे के साथ ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है।
चिकित्सकों की राय
अस्थमा, सीओपीडी और टीबी के मरीज डॉक्टर से परामर्श लेकर इन्हेलर और दवाओं की डोज में बदलाव करा लें, सर्दी से बचें।
डॉ. जीवी सिंह, टीबी एंड चेस्ट डिपार्टमेंट, एसएन मेडिकल कॉलेज
हृदय रोगियों को ब्लड प्रेशर की जांच कराते रहनी चाहिए, सर्दी में सुबह टहलने न जाएं, धूप निकलने के बाद बाहर निकलें।
डॉ. मनीष शर्मा, हृदय रोग विशेषज्ञ
प्रदेश के शहरों का तापमान
मुजफ्फरनगर - 0.4
आगरा - 3.6
शाहजहांपुर - 3.9
कानपुर सिटी - 4
सुल्तानपुर - 4
बरेली - 4.5
उत्कल हुई रद, यात्री हुए परेशान
शनिवार को बिना किसी पूर्व सूचना के कलिंग उत्कल एक्सप्रेस को रद कर दिया गया। इससे आगरा कैंट स्टेशन पहुंचे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। कुछ ने यात्रा रद कर दी। हरिद्वार से पुरी के बीच कलिंग उत्कल एक्सप्रेस (18478) चलती है। इसका राजा की मंडी और आगरा कैंट स्टेशन पर स्टॉपेज है। शनिवार को इस ट्रेन को हरिद्वार से ही रद कर दिया है। सीएम- पीआरओ आगरा मंडल संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार को उत्सकल एक्सप्रेस रद थी। किसी तरह का हंगामा यात्रियों ने नहीं किया।
बादलों ने फिर बिगाड़ी शहर की हालत
शनिवार को बादल और कोहरे के कारण वायु गुणवत्ता सूचकांक अचानक बढ़ गया और हालात बिगड़ गए। सुबह से बाद छाए रहे। दोपहर में कई बादल छाए। ऐसे में वायु गुणवत्ता सूचकांक का स्तर 412 पहुंच गया। पीएम 2.5 का स्तर भी बढ़ा हुआ रहा। पर्यावरणविद् उमेश शर्मा ने बताया कि ठंड के मौसम में स्थिति और खराब होगी। बादलों के दवाब के कारण सूक्ष्म कण नीचे ही तैरते हैं।