Review Meeting: हमारे नायक मुगल नहीं हो सकते, मुगल म्यूजियम का नाम होगा छत्रपति शिवाजी पर: सीएम योगी आदित्यनाथ
सोमवार को हुई समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और कोविड से हो रहीं आगरा में मौतों पर रोकथाम को उपाय करने को भी कहा।
आगरा, जागरण संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा मंडल में संचालित 50 करोड़ तक की विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने मेट्रो ट्रेन और सिविल एंक्लेव के कार्य में तेजी लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने और कोविड के चलते आगरा में हो रही मौतों की संख्या में कमी लाने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि आगरा में निर्माणाधीन मुगल म्यूजियम, छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम स्थापित होगा। उन्होंने कहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार राष्ट्रवादी विचारों को पोषित करने वाली है। गुलामी की मानसिकता के प्रतीक चिन्हों को छोड़, राष्ट्र के प्रति गौरवबोध कराने वाले विषयों को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। हमारे नायक मुगल नहीं हो सकते। शिवाजी महराज हमारे नायक हैं।
सोमवार शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगरा मंडल के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से रूबरू हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिलेवार समीक्षा की। सबसे पहले वे आगरा के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से रूबरू हुए। मुख्यमंत्री ने 10 करोड़ से लेकर 50 करोड़ रुपए तक की विकास परियोजनाओं में समयबद्धता और पारदर्शिता के साथ कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्रीम प्रोजेक्ट सिविल एंक्लेव और मेट्रो ट्रेन परियोजना के कार्य में तेजी लाने की बात कही। इसके साथ ही निर्माणाधीन मुगल म्यूजियम का नाम छत्रपति शिवाजी के नाम पर रखने के आदेश भी जारी किए।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के निर्देश मंडलायुक्त अनिल कुमार और जिलाधिकारी प्रभु एन. सिंह को दिए। कोरोना वायरस के चलते आगरा में डेथ रेट में कमी लाने के आदेश भी मुख्यमंत्री ने दिया। जिला मुख्यालय स्थित एनआईसी में आयोजित हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कोरोना प्रोटोकॉल के चलते दो जगह अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बैठने की व्यवस्था कराई गई थी। इस बैठक में मंडलायुक्त अनिल कुमार जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह के साथ ही सीडीओ और नगर आयुक्त भी मौजूद थे। वही सांसद प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, जितेंद्र वर्मा और महेश गोयल भी इस बैठक मैं मौजूद थे। मुख्यमंत्री के साथ लखनऊ से इस बैठक में राज्यमंत्री चौधरी उदय भान सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने भी मुख्यमंत्री के समक्ष अपने सुझाव रखे।
ये रहीं खास बातें
- स्मार्ट सिटी और अमृत योजना के तहत पेयजल और सीवर के कार्य में तेजी लाने के लिए।
- सिविल एंक्लेव में बाधाओं को दूर करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में पैरवी और भारत सरकार में बेहतर सामंजस्य हो।
- मेट्रो परियोजना में तेजी लाने के लिए गृह विभाग से संपर्क कर पीएसी को शीघ्र शिफ्ट कराने के निर्देश।
- छत्रपति शिवाजी के नाम पर होगा मुगल म्यूजियम।
- सीएम का मंडलायुक्त को निर्देश - एडीए, आवास विकास, नगर निगम और जनप्रतिनिधियों के साथ पेयजल संबंधी समस्याओं का समाधान हो।