नामुमकिन अब मुमकिन है क्योंकि मोदी है तो मुमकिन है: योगी
मैनपुरी के क्रिश्चियन मैदान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की जनसभा। भाजपा प्रत्याशी प्रेम सिंह शाक्य के समर्थन में की मतदान की अपील।
आगरा, जेएनएन। मैनपुरी के क्रिश्चियन मैदान में हुई जनसभा में गठबंधन पर जमकर बरसते हुए मोदी सरकार के कार्यों को गिनाया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने। कहा कि जब दूसरों की सरकार थी, तब भी आपने यहां भाजपा का सम्मान रखा था। अब तो अपनी सरकार है। जनसभाओं में भारी भीड़ उमड़ रही है। अब 2014 से बड़ी लहर है। पहले चरण की आठों सीटें भाजपा जीत रही है।
योगी बोले कि पुरानी केंद्र की सरकारें कहती थीं। संसाधनों पर मुसलमानों का अधिकार है। परंतु प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के संसाधनों पर सबका अधिकार है। नामुमकिन अब मुमकिन है। क्योंकि मोदी है तो मुमकिन है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि सपा नेताओं ने बताया कि उनके घर की महिलाएं उनको धिक्कारती हैं। गाड़ी पर सपा का झंडा देखकर कहती हैं कि क्या गुंडों का झंडा लगाकर घूम रहे हो। यहां तो एक ही परिवार को समाजवादी पार्टी बना दिया गया है। सपा के एक महासचिव पुलवामा पर सवाल उठाते हैं।
सपा बसपा के गठबंधन पर बोले कि गठबंधन गलत हुआ है, इसी कारण मुलायम सिंह भी अपनी पार्टी के मंच पर नहीं चढ़े थे। वह जानते हैं कि उनकी तो सारी मेहनत को लूट लिया गया है।