Move to Jagran APP

Cinema Hall in Agra Reopen: सिने लवर हैं तो काम की है ये खबर, पढ़ें कैसा रहा सात माह बाद आगरा में सिनेमा हॉल का हाल

Cinema Hall in Agra Reopen कम रहे दर्शक। पहले दिन चार सिनेमाघरों में दिखाई गई फिल्म। आज खुल जाएंगे प्रमुख सिनेमाघर और मल्टीप्लेक्स। सिनेमाघरों में आनलाइन टिकट बुकिंग शुरू हो गई है। दर्शक घर बैठकर अपनी टिकट बुक करा सकते हैं।

By Tanu GuptaEdited By: Published: Fri, 16 Oct 2020 08:42 AM (IST)Updated: Fri, 16 Oct 2020 08:42 AM (IST)
Cinema Hall in Agra Reopen: सिने लवर हैं तो काम की है ये खबर, पढ़ें कैसा रहा सात माह बाद आगरा में सिनेमा हॉल का हाल
आज खुल जाएंगे प्रमुख सिनेमाघर और मल्टीप्लेक्स।

आगरा, जागरण संवाददाता। समय सुबह के साढे़ 11 बजे। शाहगंज स्थित राजीव सिनेमा में टिकट खिड़की पर लोग टिकट खरीद रहे थे। सभी लोग मास्क लगाए थे। धीरे-धीरे लोगों की संख्या बढ़ रही थी। सवा 12 बजे सिनेमाघर में प्रवेश शुरू हुआ। गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग और मास्क लगा होने के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा था। लोगों में भी फिल्म देखने का उत्साह था। साढे़ 12 बजे सात माह बाद सिनेमाघर का पर्दा फिर से चमक उठा।

loksabha election banner

सात माह बाद गुरुवार को सिनेमाघरों का सन्नाटा टूटा। हालांकि पहले दिन केवल चार सिनेमाघर ही खुले। मगर, लंबे समय बाद सिनेमाघरों में फिल्म देखने को लेकर लोगों में उत्साह था। नूरी दरवाजा स्थित चित्रा सिनेमा में कमांडो-3 फिल्म लगी थी। यहां पर सुबह सवा 11 बजे दर्शक आना शुरू हो गए थे। पहले शो में 115 दर्शक आए। राजीव सिनेमा में खलनायक फिल्म लगी। यहां पर कोविड गाइडलाइन का पालन कराया जा रहा था। मास्क पहनकर आने वालों को टिकट दी जा रही थी। यहां पर पहले शो में 90 दर्शक थे। हीरा सिनेमा में भोजपुरी फिल्म जय-वीरू लगी थी। यहां पर पहले शो में 65 और महालक्ष्मी टाकीज में केवल 35 दर्शक ही आए। अागरा सिनेमाघर एग्जीबिटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुबोध गर्ग का कहना है कि पहला दिन होने के चलते दर्शकों की संख्या थोड़ी कम रही। पहले जैसी स्थिति आने में थोड़ा समय लगेगा। नई फिल्म रिलीज होने पर दर्शक बढे़ंगे।

नहीं हो रहा था शारीरिक दूरी का पालन

चित्रा सिनेमा में मास्क पहनकर आने वाले दर्शक को टिकट दी जा रही थी। मगर, शारीरिक दूरी का पालन नहीं हो रहा था। टिकट लेने के बाद सभी लोग सिनेमाघर की सीढ़ी पर पास-पास बैठे थे। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद प्रवेश दिया जा रहा था। हाल के अंदर एक सीट छोड़कर दर्शक बैठे थे। सैनिटाइजर की व्यवस्था नहीं थी। इसी तरह हीरा टाकीज में भी शारीरिक दूरी का पालन नहीं हो रहा था। बहुत से दर्शक केवल नाम के लिए मास्क लगाए हुए थे। अंदर प्रवेश करने के बाद उन्होंने मास्क हटा लिया।

सात माह बाद सिनेमाघर खुले हैं, इसलिए पहला शो देखने आए। पहले भी रह सप्ताह फिल्म देखते थे। फिल्म देखकर अच्छा लगा।

शाहिद, दर्शक

सिनेमाघर खुलने का इंतजार था। फिल्म देखने का मजा हाल में ही आता है, इसलिए दोस्त के साथ पिक्चर देखने आया हूं।

मनोज, दर्शक

कई महीने से कोई फिल्म नहीं देखी थी। हाल खुले तो फिल्म देखेन आ गए। तीन घंटे कैसे निकल गए, पता ही नहीं चला।

दीपक, दर्शक

पंसद की फिल्म लगी है और लंबे समय बाद सिनेमाहाल खुले हैं। मनोरंजन के लिए दोस्त के साथ फिल्म देखने आ गया।

समीर, दर्शक

आनलाइन बुकिंग हुई शुरू

सिनेमाघरों में आनलाइन टिकट बुकिंग शुरू हो गई है। दर्शक घर बैठकर अपनी टिकट बुक करा सकते हैं। संक्रमण से बचने को सरकार ने आनलाइन बुकिंग और डिजीटल पेमेंट को बढ़ावा देने की बात कही है।

आज खुलेंगे बाकी सिनेमाघर

शुक्रवार को सभी सिंगल स्क्रीन सिनेमाघर श्री, संजय, मेहर, पन्ना, भगवान, शांति सिनेमा और मल्टी प्लेक्स भी खुल जाएंगे। लोगों को मल्टीप्लेक्स और प्रमुख सिंगल स्क्रीन सिनेमाघर खुलने का इंतजार है। गुरुवार को कई लोग मल्टीप्लेक्स और सिनेमाघरों में पहुंचे भी, लेकिन उन्हें सिनेमाघर बंद होने का बोर्ड देखकर वापस लौटना पड़ा।

ये रही दर्शकों की संख्या

राजीव - दो शो में 215

चित्रा - दो शो में 175

हीरा - दो शो में 145

महालक्ष्मी - 80 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.