Electric Bus in Agra: आगरा की सड़कों पर जल्द दौडेंगी इलेक्ट्रिक बसें, चार्जिंग स्टेशन हो रहा तैयार
Electric Bus in Agra 31 मार्च तक चार्जिंग स्टेशन होना था तैयार 31 अगस्त नई तिथि प्रस्तावित। सितंबर में मुख्यमंत्री दिखा सकते हैं इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी। कुल कार्य 45 फीसद पूरा हो चुका है। चार्जिंग स्टेशन पर एक बार में 50 बसें चार्ज हो सकेंगी।
आगरा, जागरण संवाददाता। कंडम सिटी बसों से अब जल्द ही निजात मिलने जा रही है। जागरण द्वारा कार्य में लापरवाही, देरी की खबर निरंतर प्रकाशित होने के बाद अब इलेक्ट्रिक बसों के लिए नरायच में प्रस्तावित चार्जिंग स्टेशन का कार्य दो शिफ्ट में कराया जा रहा है। रूट भी निर्धारित कर दिए गए हैं। 31 अगस्त तक कार्य पूरा करने की बढ़ी हुई समय सीमा निर्धारित की गई है। संभावना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सितंबर में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को हरी झंडी दिखा सकते हैं।
भगवान टाकीज चौराहे से एमजी रोड होते हुए आगरा कैंट रेलवे स्टेशन तक सिटी बसों का संचालन होता है। सीएनजी से चलने वाली ये बसें पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। कुल 170 बसों में से तीन दर्जन बसें तो रूट पर चलने लायक ही नहीं है। इन बसों को डिपो में खड़ा कर दिया गया है, जबकि अन्य बसों में से प्रतिदिन 15 से 20 बसें एमजी रोड पर संचालित होती हैं। संख्या कम होने के कारण यात्रियों को संसाधन की मुश्किल होती है। वहीं इन बसों के फर्श उधड़ गए हैं, सीटें टूटी हैं, जिससे यात्री चोटिल होते हैं और उनके कपड़ों को नुकसान पहुंचता है। यात्रियों की सुविधा और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए इलेक्ट्रिक बसों का संचालन प्रस्तावित है, जिसके लिए 100 बसों को मंजूरी मिली है। इसके लिए आठ रूट भी निर्धारित हो गए हैं।
31 अगस्त तक कार्य समाप्त करने की तैयारी है। दो शिफ्ट में कार्य कराया जा रहा है। बाउंड्री का कार्य लगभग पूरा हो हाेने को है, जबकि कुल कार्य 45 फीसद पूरा हो चुका है। चार्जिंग स्टेशन पर एक बार में 50 बसें चार्ज हो सकेंगी।
टीपी शर्मा, परियोजना प्रबंधक
इलेक्ट्रिक बस के ये हैं रूट
- भगवान टाकीज से आगरा कैंट
- दयालबाग से रोहता
- आगरा से फतेहपुरसीकरी
- आगरा से टूंडला
- आगरा कैंट से शिल्पग्राम
- आगरा से खेरागढ़
- आगरा से पिनाहट
- आगरा दर्शन, ताजमहल, आगरा फोर्ट, सिकंदरा, चीनी का रोजा, फतेहपुरसीकरी