CBSE Board 2021: सीबीएसई ने किया बोर्ड प्रश्न-पत्रों के प्रारूप में बदलाव, सैंपल पेपर कर सकते हैं मदद
CBSE Board 2021सीबीएसई के सिटी कार्डिनेटर डा. रामानंद चौहान ने बताया कि बोर्ड ने बदलाव की जानकारी के लिए उक्त विषयों के सैंपल पेपर जारी कर दिए हैं जिन्हें देखकर विद्यार्थी प्रश्न-पत्रों के प्रारूप को आसानी से समझ सकते हैं।
आगरा, जागरण संवाददाता। कोरोना काल में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) विद्यार्थियों को सहूलियत देने के लिए लगातार प्रयास में जुटा है। इसके अंतर्गत 10वीं और 12वीं के कई विषयों के खंड-प्रारूप में परिवर्तन किया है, इससे विद्यार्थियों को प्रश्न हल करने में सहूलियत होगी।
इसके अंतर्गत 10वीं के हिंदी विषय में दो खंड में प्रश्न दिए जाएंगे। खंड एक में सिर्फ वस्तुनिष्ठ प्रश्न (बहुविकल्पिय) और खंड दो में लघु व दीर्घ उत्तरीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्न पत्र का यही प्रारूप 12वीं के अग्रेंजी विषय में होगा। बता दें कि अब तक हिंदी में चार और अंग्रेजी में तीन खंडों में प्रश्न पूछे आते थे। इस बार कोरोना संक्रमण के कारण सीबीएसई ने पहले सिलेबस को 30 फीसद तक कम किया और अब 2021 की बोर्ड परीक्षा के लिए प्रश्न पत्रों के प्रारूप में यह बदलाव किया है। हिंदी के दोनों खंडों 40-40 अंक पूछे जाएंगे।
साथ ही 12वीं जीवविज्ञान में अब पांच की जगह चार खंड़ों में प्रश्न पूछे जाएंगे। आसानी के लिए प्रश्नों की संख्या 27 से बढ़ाकर 33 कर दी गयी है। मनोविज्ञान में इस वर्ष वस्तुनिष्ठ प्रश्न (बहुविकल्पिय) की संख्या 17 से बढ़ाकर 21 कर दी गयी है। कला संकाय के कई विषयों में भी प्रश्न-पत्रों की संख्या घटाई गयी है। 12वीं की बोर्ड परीक्षा में इस बार 18 की जगह 15 बहुविकल्पिय प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनमें से सिर्फ 14 प्रश्नों का उत्तर देना होगा।
सैंपल पेपर जारी
सीबीएसई के सिटी कार्डिनेटर डा. रामानंद चौहान ने बताया कि बोर्ड ने बदलाव की जानकारी के लिए उक्त विषयों के सैंपल पेपर जारी कर दिए हैं, जिन्हें देखकर विद्यार्थी प्रश्न-पत्रों के प्रारूप को आसानी से समझ सकते हैं।