Hit & Run Case: आगरा में घर के सामने टहल रहे प्रापर्टी डीलर को कार ने रौंदा, कार सवारों को भीड़ ने दबोचा
Hit Run Case जगदीशपुरा की आवास विकास कालोनी सेक्टर आठ की घटना। खाना खाने के बाद देर रात को टहल रहा था युवक। मौत की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन ने बताया कि मृतक के परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में खाना खाने के बाद टहलने निकले प्रापर्टी डीलर के साथ दर्दनाक हादसा हुआ। उसे सामने से आती तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। हादसे के बाद भागने की कोशिश करते कार सवार दो युवकों को कालोनी के लोगों ने मौके से दबोच लिया। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक को स्वजन कई अस्पताल लेकर घूमते रहे। मगर, उसकी जान नहीं बचा सके।
घटना रविवार की देर रात की है। आवास विकास कालोनी सेक्टर आठ के रहने वाले बच्चू सिंह प्रापर्टी डीलिंग का काम करते थे। वह रविवार की रात को खाना खाने के बाद रोज की तरह घर के सामने घूम रहे थे। स्वजन ने बताया कि इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार कार आई। उसने बच्चू सिंह को रौंद दिया। स्वजन का आरोप है कि दुर्घटना के बाद युवकों ने कार को बैक करके भागने का प्रयास किया। इससे कार ने बच्चू सिंह को दोबारा अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना के बाद कालोनी के बाहर टहलते कुछ और लोगों ने शोर मवा दिया।
इसके बाद वहां जुटे कालोनी के लोगों ने घेराबंद करके दबोच लिया। दोनों युवकों को मौके पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया। स्वजन घायल को सेक्टर एक स्थित अस्पताल लेकर गए। वहां उसकी हालत देख डाक्टर ने दीवानी चौराहे के एक अस्पताल में रेफर कर दिया। इसके बाद वह घायल बच्चू सिंह को दिल्ली गेट स्थित अस्पताल में लेकर गए। वहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन ने बताया कि मृतक के परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।